फोटो गैलरी

Hindi News हिन्दुस्तान मिशन शक्ति लखनऊदेवा हो देवा गणपति देवा, तुम से बढ़ कर कौन

देवा हो देवा गणपति देवा, तुम से बढ़ कर कौन

उन्नाव, संवाददाता। गणेश चतुर्थी के दिन से शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान श्रीगणेश उत्सव के...

देवा हो देवा गणपति देवा, तुम से बढ़ कर कौन
हिन्दुस्तान टीम,लखनऊFri, 09 Sep 2022 12:45 AM
ऐप पर पढ़ें

उन्नाव, संवाददाता। गणेश चतुर्थी के दिन से शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान श्रीगणेश उत्सव के नवें दिन से समापन का सिलसिला भी जोरशोर से शुरू हो गया है। गुरुवार को सुबह प्रतिमा विसर्जन को लेकर भक्तों ने पटाखे दगाते हुए बैंडबाजों की धुन पर नृत्य करते घाट तक पहुंचे। भक्तों ने लोडर में मूर्ति को रखकर शहर में फेरी लगाई और प्रसाद वितरण किया। इस दौरान सैकड़ों पुरुष व महिलाओं ने भजनों पर नृत्य भी किया। अबीर, गुलाल व रंगों से भक्तों ने खूब होली भी खेली। भक्तों ने पूरे विधि विधान से गणपति बप्पा की मूर्ति को गगनी घाट में विसर्जित किया।

शहर के कई मोहल्ला में स्थापित की गई गणेश प्रतिमा का नौ दिनों बाद गुरुवार को विसर्जन किया गया। यही नहीं अनेक भक्तों ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अपने घरों में श्रद्धानुसार छोटी-बड़ी प्रतिमाएं स्थापित की है। सुबह भक्तों ने विधि विधान से गणपति बप्पा की पूजा अर्चना व आरती की और प्रसाद वितरण कराया। फिर बड़े ही धूमधाम से मूर्ति को लोडर पर रखकर गणपति बप्पा की विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा में मौजूद सैकड़ों पुरुष और महिलाओं ने मार्गो पर जमकर अबीर, गुलाल व रंगों की होली खेली और यात्रा के दौरान लोडर में साउंड सिस्टम लगाकर गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ की धुनों पर खूब नृत्य किया। यात्रा के दौरान प्रसाद वितरण भी होता रहा। सैकड़ों भक्त शहर में यात्रा के दौरान गणपति बप्पा मोरया के नारे लगा रहे थे। इस दौरान पूरा शहर रिद्धि सिद्धि दाता गणपति के उद्घोष के गुंजायमान हो रहा है। शहर में फेरी के बाद सैकड़ों भक्तों ने गगनी झील की तरफ यात्रा बढ़ाई। शुक्लागंज के नेतुवाखेड़ा ग्राम सभा के मजरा गगनीखेड़ा घाट पहुंचने के बाद भक्तों ने पूरे विधि विधान के साथ गणपति बप्पा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया।

जागरण के बाद भक्तों ने निकाली विसर्जन यात्रा

फतेहपुर चौरासी। नेहरू नगर मोहल्ला में चल रहे नौ दिवसीय महोत्सव का गुरुवार को मूर्ति विसर्जन के साथ समापन हुआ। भक्तों ने नगर के विभिन्न मार्गों से शोभायात्रा निकाल कर क्षेत्र के सरैंया घाट गंगा तट पर गजानन की मूर्ति विसर्जित की गई। भक्तों ने महोत्सव में विराजे गणपति की गाजेबाजे के साथ धूमधाम से शोभायात्रा निकाली। यात्रा का नगर पंचायत के कई मोहल्लों से होती हुई काली मिट्टी दबौली मार्ग से जाते समय जगह जगह जोरदार स्वागत किया गया। कस्बा भ्रमण के बाद भक्तों ने शोभायात्रा को क्षेत्र के सरैंया गंगातट ले जाया गया। महोत्सव में बुधवार रात को जागरण हुआ। जिसमें गणेश वंदना शंकर पार्वती झांकी राधा कृष्ण झांकी आदि कई झांकियां पेश की गई। महोत्सव में आचार्य अरविंद द्विवेदी, गिरवर द्विवेदी, ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने लगातार नौ दिन तक गजानन आरती कर भक्तों को भक्ति के रस में रंग दिया। विसर्जन में आयोजक अवधेश शुक्ल रामकृष्ण, सुमित, कुलदीप व गुंजन आदि भक्तगण मौजूद रहे।

शोभायात्रा निकाल भक्तों ने गजानन प्रतिमा को सई नदी में किया विसर्जित

मंगतखेड़ा। क्षेत्र की ग्राम पंचायत बौगांव में चल रहे 9 वां विशाल गणेश महोत्सव कार्यक्रम गुरुवार को पैंतालीस किलोमीटर की भव्य शोभा यात्रा के साथ भवरेश्वर मंदिर में सई नदी के तट पर विसर्जन किया गया। यात्रा ढोल नगाड़ों के साथ बैगांव गांव से शुरू होकर मंगतखेड़ा, पुरवा, मौरावां कालूखेड़ा होते हुए भवरेश्वर मंदिर सई नदी के तट पर पहुंची। जहां भक्तों ने बप्पा की मूर्ति पर पूजा अर्चना कर नम आंखों से विसर्जन कर अगले बरस तू जल्दी आना की प्रार्थना कर भव्य यात्रा का समापन किया। देवा कमेटी के अरविंद, उमेश, अरुण, बृजमोहन, अंकित व शिवकुमार ने बताया कि कार्यक्रम लगातार 9 दिन पूर्ण होकर आज भंडारे के साथ समापन हुआ। यात्रा का बैगांव, मंगतखेड़ा, पुरवा, कालूखेड़ा सहित अन्य जगहों पर स्वागत किया गया। पुरवा कोतवाल चंद्रकांत ने गणपति की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यात्रा के दौरान पुरवा, मौरावां,असोहा का फोर्स मुस्तैद रहा। इस दौरान मुन्ना, अलोपी, बृजमोहन, मनमोहन, अरुण, शिवकुमार, अरविंद, उमेश, अंकित सिंह, बबलू, राजेश, पंकज, संदीप, रामबाबू, ग्राम प्रधान अनिल विमल व ऋषभ सिंह, देवा सिंह सहित भारी संख्या में देवा भक्त मौजूद रहे।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें