हिन्दुस्तान मिशन शक्ति: कानपुर देहात में खुद के साथ दूसरी महिलाओं की तरक्की की इबारत लिख रहीं अनुपमा
कानपुर देहात जनपद में मैथा ब्लॉक के टोडरपुर गांव की रहने वाली अनुपमा तिवारी ने संघर्ष कर खुद को रोजगार से जोड़ा। इसके साथ ही 42 अन्य महिलाओं को...
कानपुर देहात। हिन्दुस्तान संवाद
कानपुर देहात जनपद में मैथा ब्लॉक के टोडरपुर गांव की रहने वाली अनुपमा तिवारी ने संघर्ष कर खुद को रोजगार से जोड़ा। इसके साथ ही 42 अन्य महिलाओं को रोजगार से जोड़ने में कामयाब हुईं। अब वह रोजगार देने में प्रेरक की भूमिका भी अदा कर रही हैं।
अनुपमा तिवारी का जीवन संघर्षों से भरा रहा। इंटर पास करने के बाद मायके की स्थिति ठीक न होने पर ननिहाल में रहकर स्नातक की पढ़ाई की। शादी के बाद ससुराल की भी आर्थिक हालत ठीक नहीं थी। वर्ष 2019 में स्वयं सहायता समूहों का गठन करके छोटी-छोटी बचत से महिलाओं के लिए सहारा बन गईं। शिक्षित होने का उन्हें फायदा मिला। टोडरपुर गांव में सोलर उपकरणों की असेबलिंग का काम मिलने पर वह उसकी मुख्य संचालिका के तौर पर काम करने लगीं। वर्तमान में 18 महिलाएं उनके साथ सोलर लैंप असेंबल कर रही हैं। 24 महिलाएं सोलर लैंप डिस्ट्रीब्यूशन कर रही हैं। इससे होने वाली आमदनी से उनके साथ ही अन्य महिलाओं में भी आत्मनिर्भरता आ रही है। अब इलाके में उनकी पहचान सोलर दीदी के रूप में हो रही है।