फोटो गैलरी

Hindi News हिन्दुस्तान मिशन शक्ति बस्तीहिन्दुस्तान मिशन शक्ति : संविधान देता है महिलाओं को समानता की गारंटी

हिन्दुस्तान मिशन शक्ति : संविधान देता है महिलाओं को समानता की गारंटी

सिद्धार्थनगर। हिन्दुस्तान टीम भारत का संविधान महिलाओं की समानता की गारंटी देता है।...

हिन्दुस्तान मिशन शक्ति : संविधान देता है महिलाओं को समानता की गारंटी
हिन्दुस्तान टीम,बस्तीTue, 29 Dec 2020 03:22 AM
ऐप पर पढ़ें

सिद्धार्थनगर। हिन्दुस्तान टीम

भारत का संविधान महिलाओं की समानता की गारंटी देता है। सशक्त नारी व सशक्त समाज, देश के विकास में दोनों ही एक-दूसरे के पूरक हैं। देश में महिलाओं का सशक्तीकरण होना वर्तमान समय की नितांत आवश्यकता है। महिलाओं को शिक्षित होकर अपने अधिकार हासिल करने चाहिए। ये बातें डुमरियागंज क्षेत्र के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज परसा जमाल में सोमवार को 'हिन्दुस्तान' मिशन शक्ति अभियान के दूसरे चरण के तहत छात्राओं के साथ हुए संवाद के दौरान मौजूद शख्सियतों ने कहीं।

पैनलिस्ट ने छात्राओं के साथ अपने अनुभवों को साझा किया और तरक्की के गुर सिखाए। छात्रा अंजनी शर्मा ने पैनलिस्ट से पूछा कि डॉक्टर बनने के लिए कितनी पढ़ाई की आवश्यकता है। इसके लिए कैसे तैयारी करें। पैनलिस्ट ने बताया कि इंटर के बाद नीट पास करना होता है। यह परीक्षा ऑल इंडिया लेबल पर होती है। इसे क्वालीफाई करने के बाद ही मेडिकल कोर्स कर सकते हैं। जितनी अच्छी रैंक होगी, उतने अच्छे कॉलेज मिलेंगे।

छात्रा खुशबू मिश्रा ने पूछा कि पुलिस बनने के लिए क्या योग्यता होती है। कैसे इसकी तैयारी की जाए। इसके जवाब में बताया गया कि पहले तो शारीरिक रूप से फिट होना चाहिए। इंटर के बाद पुलिस में भर्ती के लिए आवेदन किया जा सकता है। लिखित व फिटनेस परीक्षा पास करनी होती है। पुलिस अधिकारी बनने के लिए ग्रेजुएट होना जरूरी है। सफीना खातून ने पूछा कि मुझे इंजीनियर बनना है। इसके लिए मार्ग दर्शन करें। पैनलिस्ट ने बताया कि इंटर के बाद बीटेक की प्रतियोगी परीक्षा पास करनी होती है। अगर आप को इंजीनियर बनना है तो अभी से तैयारी करनी होगी।

छात्रा यासमीन खातून, गुलफशां, कुसुम, मंजू देवी, तारावती मौर्या, सुशीला, मरियम फातिमा ने भी सवाल पूछे। पैनलिस्ट ने सबका जवाब दिया। पैनलिस्ट ने कहा कि आखिर वह भी तो महिला होकर यहां तक पहुंची हैं। आप क्यों नहीं पहुंच पाएंगी। कहा कि जितनी देर पढ़ाई करें, ईमानदारी व लक्ष्य के साथ करें। अगर लक्ष्य नहीं होगा तो आगे बढ़ना मुश्किल होगा।

शख्सियतों की सलाह

पत्रकार बनने के लिए क्या योग्यता होनी चाहिए

छात्रा आमिना खान व अंजलि शर्मा ने पूछा कि पत्रकार बनने के लिए क्या योग्यता होनी चाहिए। पैनलिस्ट ने जवाब दिया कि इसके लिए जर्नलिज्म का कोर्स होता है। स्नातक, परास्नातक किसी भी अच्छी यूनिवर्सिटी से कर प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में नौकरी की जा सकती है। अच्छा पत्रकार बनने के लिए आपको हर क्षेत्र का ज्ञान होना चाहिए। शब्दों का जितना भंडार होगा, उतनी अच्छी पत्रकार बन सकेंगी।

महिलाओं को निर्णय लेने का हक हो: गीता

शिक्षिका गीता रानी ने कहा कि समाज में महिलाओं की स्थिति कुल मिलाकर पहले जैसी ही है। अगर सामाजिक-पारिवारिक व वैचारिक बदलाव आए तो शायद महिलाओं की समस्याएं कम हों। महिलाओं को बराबरी का हक है, इसमें कोई दो राय नहीं लेकिन निर्णय लेने की स्वतंत्रता नहीं है। सरपंच बनने के बाद भी उनके पास कोई अधिकार नहीं होता है। जिस दिन हम पूरी तरह से शिक्षित हो जाएंगे, हमें अपना हर अधिकार मिल जाएगा।

अच्छी सोच नारी को करती है सशक्त: प्रिया

कांस्टेबल प्रिया वर्मा ने कहा कि नारी को सशक्त बनाने के लिए अच्छी सोच व सुरक्षा की मजबूती होना आवश्यक है। सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है। कई सरकारी नंबर जारी किए गए हैं, जिन पर डॉयल कर मदद ली जा सकती है। छात्राओं को चाहिए कि समूह में कॉलेज आएं और समूह में ही वापस घरों को जाएं। अगर कोई दिक्कत होती है तो तत्काल पुलिस की मदद लें। संभव हो तो अपने परिवार को भी उसी समय सूचित कर दें।

सशक्त बनने के लिए शिक्षा जरूरी: विश्व

एएनएम विश्व मोहनी ने कहा कि महिलाओं के लिए शिक्षा जरूरी है। जब तक वे शिक्षित नहीं होंगी, सशक्त नहीं होंगी। सरकार ने आधी आबादी को भी उतना ही हक दे रखा है, जितना पुरुषों को मिला है। यह तभी हासिल होगा, जब हम शिक्षित होंगे। छात्राओं से कहा कि वे शिक्षा के साथ स्वास्थ्य पर ध्यान दें। अगर आप का स्वास्थ्य बेहतर नहीं होगा तो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कैसे कर सकेंगी। कहा कि यही वक्त है। आज की मेहनत कल को सुनहरा बनाएगी।

बेझिझक पुलिस से करें शिकायत : सुमन

कांस्टेबल सुमन मौर्य ने कहा कि सरकार पुलिस महकमे को सुदृढ़ करते हुए महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। ऐसा माहौल बनाने की कोशिश है, जहां महिलाएं रात के दो बजे भी सुरक्षित घर जा सकें। उन्हें आधी रात सड़क पर चलने में डर का एहसास न हो। विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जारी हैं, जिन पर छात्राएं, महिलाएं अपने साथ हुई घटना की शिकायत कर सकती हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें