पीलीभीत। हिन्दुस्तान संवाद
जीवन में बहुत कठिनाइयां आईं, पर घबराई नहीं। कठिनाइयों का सामना कर आगे बढ़कर उपलब्धि हासिल की। संघर्षों से मुकाम तक पहुंचाने वालीं तीन महिलाएं आज मिशन शक्ति हिन्दुस्तान संवाद कार्यक्रम के खुले मंच पर अपने अनुभव साझाकर कॉलेज की छात्राओं को प्रेरित करेंगी। बताएंगी कि कैसे कठिनाइयों से लड़ी और आगे बढ़ीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआईओएस संत प्रकाश होंगे।
मिशन शक्ति हिन्दुस्तान संवाद का कार्यक्रम सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कालेज पीलीभीत में आयोजित होगा, जहां पर तीनों संघर्षशील महिलाएं अनीता तिवारी, ममता गंगवार और मीना हिन्दुस्तान के खुले मंच से अपनी शौर्यगाथा का बखान करेंगी। अनीता तिवारी शिक्षिका हैं। इन्होंने संघर्ष के समय का दौर देखा, जब पढ़ाई के संसाधन बहुत सीमित थे। फिर भी सभी संघर्षो का सामना कर आगे बढ़ीं और उपलब्धि हासिल की। वहीं ममता गंगवार उच्च प्राथमिक विद्यालय बरहा में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा देने के मामले में बेहतर काम किया है। मीना उच्च प्राथमिक विद्यालय बरहा में शिक्षिका हैं। इनकी जिंदगी में भी काफी उतार चढ़ाव आए। खुद ही हिम्मत जुटाकर आगे बढ़ी। हिन्दुस्तान के खुले मंच से आज यह तीन महिलाएं छात्राओं से रू-ब-रू होंगी और उन्हें भी आगे बढ़ने को प्रेरित करेंगी। छात्राएं अपने सवाल भी कर सकती हैं।