फोटो गैलरी

Hindi News हिन्दुस्तान सिटीखास जायके मानसून के

खास जायके मानसून के

मौसम बारिश का है! इस मौसम में गर्मा-गर्म अदरक वाली चाय के साथ स्वादिष्ट पकौड़ों की बात ही अलग होती है। पकौड़े ही क्यों? मानसून के कुछ खास और भी तो स्वादिष्ट जायके हैं। उन्हीं कुछ खास जायकों को...

खास जायके मानसून के
अंजलि शेट्टी  ,नई दिल्लीSat, 27 Jul 2019 01:32 PM
ऐप पर पढ़ें

मौसम बारिश का है! इस मौसम में गर्मा-गर्म अदरक वाली चाय के साथ स्वादिष्ट पकौड़ों की बात ही अलग होती है। पकौड़े ही क्यों? मानसून के कुछ खास और भी तो स्वादिष्ट जायके हैं। उन्हीं कुछ खास जायकों को ‘मानसून ब्रंच’ के तौर रेस्टोरेंट्स में परोसा भी जा रहा है। इस ब्रंच में कई सारे स्वादिष्ट व्यंजनों को शामिल किया गया है। अपनी इसी विशाल विविधता के कारण यह कॉन्सेप्ट खाने के शौकीन लोगों में लोकप्रिय भी हो रहा है। छुट्टी का दिन वैसे भी आलसीपन भरा होता है, ऐसे में नाश्ते और दोपहर के भोजन के मेल वाला मानसून ब्रंच आपकी छुट्टी को मजेदार बनाने के लिए सही है। शुरुआत में ब्रंच को गर्मियों के लिए बेहतर माना जाता था। लेकिन अब  शेफ इसे मानसून में भी पसंद कर रहे हैं। 
आर्बर किचन के एग्जिक्यूटिव शेफ तुषार देशपांडे बताते हैं, ‘मानसून ब्रंच का चलन इन दिनों बहुत आम है।  22 से 35 उम्र वर्ग के लोगों में इसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है। अपने परिवार या दोस्तों के साथ अगर आप एक अच्छा समय बिताना चाहते हैं तो मानसून बं्रच का आइडिया आपके लिए बेहतर हो सकता है। ब्रंच के साथ कपल्स एक शानदार डेट का भी आनंद उठा सकते हैं। इस रुमानी मौसम को यादगार बनाने के लिए मानसून ब्रंच आपके लिए अच्छा हो सकता है।’
सप्ताहांत में बच्चों के स्कूल की छुट्टियां भी होती हैं, तो उनके साथ भी जाकर आप मानसून बं्रच का आनंद ले सकते हैं। हयात रीजेंसी के एग्जिक्यूटिव शेफ अनिर्बन दासगुप्ता कहते हैं, ‘खाने का यह ट्रेंड पारंपरिक तरह के खाने के साथ-साथ स्ट्रीट फूड से भी मिलता-जुलता है। शाम को बारिश हो रही हो और आपको एक वड़ा पाव दिख जाए, तो आप उसे नजरअंदाज नहीं कर सकते। यहां तक कि अगर आपको कोई उसके बदले हॉट बर्गर या कॉर्न डॉग भी दे, तो आप वड़ा पाव को ही चुनेंगे।’ बारिश के समय प्राय: लोग घरों के अंदर रहना पसंद नहीं करते, खासकर दिल्ली जैसे शहरों में। ऐसे लोग बारिश को एन्जॉय करना चाहते हैं। बारिश के साथ-साथ अगर आपको स्वादिष्ट भोजन और कॉकटेल मिल जाए तो इससे बेहतर और क्या होगा? दि सैसी स्पून के सीईओ रेचल गोयनका खेतरपाल कहते हैं, ‘मानसून की चर्चा होती है, तो पकौड़े, भुट्टा, पेटिज जैसे कुछ स्ट्रीट फूड ही याद आते हैं। लेकिन हमने अब मानसून के इन पसंदीदा स्वादों को एक नया रूप देना शुरू कर दिया है, ताकि लोगों को एक नया स्वाद मिले।’ वहीं प्लेबॉय बीयर गार्डन के एग्जिक्यूटिव शेफ बिस्वास कहते हैं, ‘ मानसून ब्रंच की सबसे अच्छी चीज लाइव बार्बेक्यू और पिज्जा काउंटर हैं, जहां आप न केवल उन्हें बनता हुआ देख सकते हैं, बल्कि मुंह में पानी ला देने वाले खाने की खुशबू को सूंघते हुए संगीत का आनंद  भी ले सकते हैं।’ हालांकि अभी कुछ ही रेस्तरां या होटल लोगों के लिए मानसून ब्रंच तैयार कर रहे हैं।  
शेफ उबेद खान कहते हैं, ‘इन दिनों युवाओं में मानसून ब्रंच का प्रचलन काफी बढ़ा है। इसके जरिए लोगों को प्रकृति के पास रहकर अपने परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलता है।’  
स्वास्थ्य से जुड़े फायदे : मानसून ब्रंच परिवार के साथ एक बेहतर समय व्यतीत करने के लिए ही नहीं है, बल्कि ये सेहत के लिए भी फायदेमंद हैं। पुराने समय में भी लोग मौसम के हिसाबे से हमेशा सेहतमंद खाने की सलाह देते थे। मानसून ब्रंच उसी का एक सेहतमंद उदाहरण है। मौसम को ध्यान में रखकर ही इसमें स्वादिष्ट व्यंजनों को शामिल किया गया है। दि डेली ऑल डे के संस्थापक दिशांत प्रितामनी कहते हैं, ‘यह बं्रच आपको  ऊर्जा ही नहीं देता, बल्कि पिछली रात की खुमारी को उतारने में भी आपकी मदद करता है।’ वहीं शेफ गोयनका कहते हैं, ‘दिन में जल्दी भोजन करने से आपको रात को भी जल्दी भूख लग आती है। इसलिए आप रात का भोजन भी जल्दी करते हैं। जल्दी भोजन करने से शरीर को काफी फायदा होता है। इससे खाना भी जल्दी पचता है। समय पर खाना खाने से शरीर में शर्करा का स्तर नियंत्रित रहता है।’ वहीं खान कहते हैं कि ब्रंच केवल तभी स्वास्थ्यवर्धक हो सकता है जब आप जरूरत से अधिक न खा रहे हों। बहुत अधिक अम्लीय और भारी भोजन से दूर रह कर ही  आप ब्रंच को पचा सकते हैं।

रेसिपी
एमेंटल सूफले
सामग्री:  225 ग्राम एमेंटल चीज, 225 मि.ली. दूध, 150 मि.ली. क्रीम, 4 अंडे का पीला वाला भाग,  64 ग्राम आटा, 6 अंडे का सफेद भाग


ऐसे बनाएं: एक पैन में दूध और क्रीम को अच्छे से मिलाएं, अब इसे एक तरफ रख दें। रौक्स बनाने के लिए एक पैन में मक्खन को गर्म करें, ध्यान रहे कि यह भूरा न हो। अब आटे को छानकर मक्खन में डालें और मुलायम होने तक मिलाएं। अब इसे सुनहरा होने तक पकाएं। (आमतौर पर इस मिश्रण का इस्तेमाल सूप और व्हाइट मीट व्यंजन को गाढ़ा करने के लिए किया जाता है।) फिर सफेद सॉस बनाने के लिए क्रीम और दूध के मिश्रण को मिलाएं। इसमें कद्दूकस किया हुआ पीला चीज और अंडे के पीले भाग को मिलाएं। अंडे की सफेदी को नरम होने तक अच्छी तरह फेंटें और पहले बनाएं मिश्रण में डालें। ब्रेड क्रम्ब्स को रैमकिंस (एक तरह का बेकिंग सांचा) में डालें और अब इसमें सूफले के मिश्रण को डालें। अब इसे 150 डिग्री सेल्सियस पर 10 मिनट के लिए बेक करें। अब इसे बाहर निकालें और उल्टा करके दोबारा इसे 180 डिग्री सेल्सियस पर 12 मिनट के लिए बेक करें। तैयार सूफले को अखरोट और हरे सेब के सलाद के साथ परोसें।
- रेचल गोयनका खेतरपाल, सीईओ, दि सैसी स्पून

स्पिनिच, गोल्डन गार्लिक एंड मोजरेला समोसा
सामग्री : 100 ग्राम कटा हुआ पालक, 20 ग्राम भुना हुआ लहसुन, 50 ग्राम मोजरेला चीज, 20 ग्राम प्याज, 5 ग्राम जीरा, 3 ग्राम हरी मिर्च, 5  फिलो शीट्स, 10 ग्राम मक्खन, नमक स्वादानुसार, काली मिर्च स्वादानुसार

ऐसे बनाएं: मक्खन को गर्म करें और जीरा को भुनें। उसके बाद उसमें प्याज डालें। पालक को हल्का सा उबालें और सारा पानी निकाल दें। अब इसे पैन में प्याज के साथ डाल दें। पालक में कटी हुई हरी मिर्च, नमक और काली मिर्च डालें। अब इस मिश्रण को एक तरफ निकालें और ठंडा करें। कसे हुए मोजरेला चीज को पालक मिश्रण के साथ मिलाएं। इस मिश्रण को फिलो शीट्स में भरें और इसके ऊपर बटर लगाकर अच्छी तरह से बंद कर दें। इसे चाहें तो डीप फ्राई कर सकते हैं या बेक कर सकते हैं। 
- अनिर्बन दासगुप्ता, 
शेफ, हयात रेजिडेंसी

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें