फोटो गैलरी

Hindi News हिन्दुस्तान सिटी खानपानआखिर तुलसी में क्या है सुपरफूड जैसा?

आखिर तुलसी में क्या है सुपरफूड जैसा?

तुलसी के बीज, जिसे सब्जा व अंगे्रजी में बेसिल सीड्स भी कहते हैं, सेहत के खास गुणों से भरपूर हैं। सब्जियों में इसका इस्तेमाल सेहत के साथ उसके स्वाद और रंगत दोनों को बढ़ा देता है। हालांकि पहले से इसका...

आखिर तुलसी में क्या है सुपरफूड जैसा?
अंजलि शेट्टी  ,नई दिल्ली Fri, 05 Jul 2019 09:44 PM
ऐप पर पढ़ें

तुलसी के बीज, जिसे सब्जा व अंगे्रजी में बेसिल सीड्स भी कहते हैं, सेहत के खास गुणों से भरपूर हैं। सब्जियों में इसका इस्तेमाल सेहत के साथ उसके स्वाद और रंगत दोनों को बढ़ा देता है। हालांकि पहले से इसका इस्तेमाल होता रहा है, पर अब इसे सुपरफूड माना जाने लगा है। शेफ मेनिनो डीकोस्टा कहते हैं, ‘तुलसी के बीजों को सुपरफूड कहा जाता है, क्योंकि इनमें फाइबर भरपूर होता है। साथ ही इससे वजन कम करने और त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। इसके अलावा तुलसी के बीज पाचन, रक्त संचार व बालों की सेहत में भी फायदा पहुंचाते हैं।     

पुराने समय से सब्जा का इस्तेमाल किया जाता रहा है। इन बीजों का सबसे बड़ा फायदा यह है कि ये शरीर में जरूरी ठंडक को बनाए रखते हैं और गैस व सीने में जलन जैसी समस्याओं में राहत पहुंचाते हैं।  यही वजह है कि गर्मियों में इसे खासतौर पर खाने की चीजों में इस्तेमाल कर सकते हैं। शेफ ईशिज्योत सूरी के अनुसार, ‘ इससे कब्ज व पेट फूलने जैसी परेशानियों में भी राहत मिलती है। साथ ही इन्हें नारियल के तेल के साथ पीसकर लगाने से त्वचा के कई संक्रमणों में फायदा होता है। 

सेहत को होने वाले लाभ

सब्जा, जिसे स्थानीय भाषा में तुकमारिया भी कहते हैं दिखने में भले ही छोटे होते हैं, पर इनसे सेहत को कई लाभ होते हैं। हॉलिस्टिक लाइफस्टाइल कोच ल्यूक कोटिनहो  इसके फायदे के बारे में बताते हैं:

फाइबर से भरपूर: चार ग्राम यानी एक चम्मच से कम तुलसी के बीजों में एक पूरे लेट्यूस (सलाद पत्ते वाली गोभी)के बराबर फाइबर होता है। 

एसिडिटी में राहत और शरीर को ठंडक:  इसकी ठंडी तासीर  एसिडिटी से निजात पाने में मदद करती है।  

ओएस्ट्रोजन स्तर में कमी: ये शरीर में ओएस्ट्रोजन के स्तर को कम रखने में मदद करते हैं, खासकर ओएस्ट्रोजन के प्रभाव वाले कैंसर में यह प्रभावी ढंग से काम करते हैं। 

त्वचा की परेशानियां: ये बीज त्वचा रोग जैसे एग्जिमा और सोरायसिस में भी फायदा पहुंचाते हैं। इसे इस्तेमाल करना भी आसान है। इसके लिए तुलसी के बीजों को पीसकर पाउडर बना, दो चम्मच नारियल तेल में  धीमी आंच में पकाएं। ठंडा होने के बाद इसे त्वचा के प्रभावित हिस्से पर लगा लें। 

हर रोज यूं करें इस्तेमाल 

सब्जा के बीज को अपनी पानी की बोतल में डालकर रख लें। एक लीटर पानी में एक चम्मच तुलसी के बीजों को डालकर एक घंटे के लिए रख दें और फिर उस पानी को पीते रहें। साथ ही कोटिन्हो कहते हैं, ‘ इसे फल व सब्जियों के सलाद पर भी छिड़कर खा सकते हैं। जूस व स्मूदी में मिलाकर भी ले सकते हैं। इसके अलावा इन्हें किसी भी तरह के डेजर्ट व चटनी में मिलाया जा सकता है।’ शेफ शेरियार दोतीवाला बताते हैं, ‘सब्जा का इस्तेमाल फालूदा बनाने में काफी किया जाता है, साथ ही दूसरे ठंडे पेय बनाने में इन्हें इस्तेमाल करते हैं। पानी में भिगोने के बाद इन्हें इस्तेमाल करने से इनकी पोषकता और बढ़ जाती है।                

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें