फोटो गैलरी

Hindi News हिन्दुस्तान सिटी बालीवुड-टालीवुडहर कोई बात कर रहा है इतिहास की

हर कोई बात कर रहा है इतिहास की

एक अच्छी कहानी को हमेशा याद किया जाता है। भले ही वह इतिहास के पन्नों में दर्ज हो चुकी हो या कुछ ही साल पहले हुई कोई घटना हो। ये कहानियां हमें हर पल रोमांचित करती हैं। इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ता कि...

हर कोई बात कर रहा है इतिहास की
श्रेया मुखर्जी,नई दिल्लीSat, 06 Jul 2019 11:44 PM
ऐप पर पढ़ें

एक अच्छी कहानी को हमेशा याद किया जाता है। भले ही वह इतिहास के पन्नों में दर्ज हो चुकी हो या कुछ ही साल पहले हुई कोई घटना हो। ये कहानियां हमें हर पल रोमांचित करती हैं। इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ता कि ये कितनी पुरानी हैं। जब इन कहानियों को छोटे या बड़े पर्दे पर हमारे  सामने पेश किया जाता है, तो हम उनके किरदारों के जरिए उस पुराने दौर के रोमांचक सफर पर निकल पड़ते हैं।  इतिहास की इन मजेदार कहानियों को सिनेमा और टेलीविजन के बाद अब वेब में भी रोचक ढंग से बुना जा रहा है।

 आज दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए बहुत सी ऐतिहासिक वेब सिरीज मौजूद हैं। जहां ‘मुगल्स’ मुगल सल्तनत के दौरान की कहानी दिखाता है, वहीं ‘बेयरफुट-11’ शो बंटवारे से पहले के हालातों की तस्वीर पेश करता है। ‘हुतात्मा’ वेब सिरीज महाराष्ट्र राज्य के बनने की ऐतिहासिक कहानी है। इनके अलावा नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जिंदगी पर आधारित ‘बोस: डेड/अलाइव’ भी है। अब इसका दूसरा सीजन आने वाला है। वेब सिरीज के अलावा फिल्मों में ऐतिहासिक विषय खूब देखने को मिल रहे हैं। इनमें जैसे दांडी मार्च, लाल बहादुर शास्त्रीज डेथ: एन अनफिनिश्ड स्टोरी, खार आदि खास हैं। 

वेब शो ‘हुतात्मा’ में अंजलि पाटिल ने मुख्य किरदार निभाया है। उनके मुताबिक, नई पीढ़ी इन शोज को देखन में काफी रुचि ले रही है। आज का युवा इन ऐतिहासिक घटनाओं और कहानियों को अपनी पाठ्य-पुस्तकों में पहले ही पढ़ चुका है। अब उन्हीं कहानियों को स्क्रीन पर देखना उनके लिए एक रोमांचक यात्रा से कम नहीं है। इस पीढ़ी के लिए यह एकदम नया अनुभव है। 
अभिनेत्री दीया मिर्जा मानती हैं कि ऐसी कहानियों के जरिये आप दर्शकों से सीधे  जुड़ सकते हैं। दीया जल्द ही हॉटस्टार की वेब सिरीज मुगल्स में नजर आएंगी। बकौल दीया, ‘धर्म, संस्कृति और सीमाओं आदि से संबंधित सच्ची ऐतिहासिक कहानियों का अपना दर्शक वर्ग है। इनमें लोगों को लुभाने की कुव्वत उतनी ही होती है, जितनी किसी भविष्य आधारित शो में।’

 ऑल्ट बालाजी में जल्द शुरू होने वाले वेब सिरीज ‘मॉम’ में चार ऐसी वैज्ञानिक महिलाओं की कहानी दिखाई गई है, जो अपने साहस से इतिहास में अपना नाम दर्ज करना चाहती हैं। यह मार्स ऑर्बिटर मिशन की सफलता की कहानी है।  इन वैज्ञानिक महिलाओं को कई मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। ‘मॉम’ के डायरेक्टर विनय वैकुल कहते हैं,‘जब दर्शकों के सामने से इतिहास के पन्नों में दर्ज कोई गौरवशाली कहानी गुजरती है तो उसकी भव्यता को स्क्रीन पर देखना अलग ही अनुभव देता है।’ वहीं अंजलि पाटिल मानती हैं कि इन किरदारों को निभाने में बहुत सावधानी बरतनी होती है। आपने एक गलती की नहीं कि दर्शक आपको अस्वीकार करने में देर नहीं लगाएंगे। विनय कहते हैं, ‘इन शोज 

को बनाना काफी जटिल काम है। आखिर आप ऐसी घटना पर शो बना रहे हैं, जो इतिहास में दर्ज है। आप लय से भटकने का खतरा मोल नहीं ले सकते। वहीं किरदारों के साथ पूरा न्याय हो, यह भी बड़ी जिम्मेदारी होती है। मनोरंजन का तड़का भी सावधानी से देना होता है, जिससे दर्शक को मजा भी आए और मूल घटना भी ज्यों की त्यों बनी रहे।’ 
इस बारे में वेब एप जी5 के बिजनेस हेड का कहना  है कि हमारा दर्शक इन ड्रामा व डॉक्यूमेंटरी को बखूबी समझता है। यही वजह है कि ‘खार’, ‘लाल बहादुर शास्त्रीज डेथ: एन अनफिनिश्ड स्टोरी’ और ‘हुतात्मा’ को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। युवा  ऐतिहासिक कहानियों का जानने के लिए उत्सुक है।  एक्टर सुमित व्यास भी ऐसे किरदारों को काफी पसंद करते हैं। इन्होंने नानावटी मामले पर आधारित वेब शो में मशहूर वकील रामजेठमलानी का किरदार निभाया है। सुमित कहते हैं, ‘मैं एक ऐसे शो में जरूर काम करना पसंद करूंगा, जो बंटवारे के पीछे की राजनीति पर आधारित हो। अगर कोई ऐसा कर सके तो मैं यकीनन ऐसे शो का हिस्सा बनना चाहूंगा। मैं हमेशा से ही चाहता हूं कि मैं कभी जवाहरलाल नेहरू का रोल अदा करूं।’

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें