हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर! बंद हो गईं 110 सड़कें; 5 सितंबर तक इन जिलों में येलो अलर्ट

लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
Follow us on Google News
share

हिमाचल प्रदेश के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। विभाग 5 सितंबर तक प्रदेश में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी बारिश के कारण प्रदेश की 110 सड़कें बंद हो गई हैं।

हिमाचल प्रदेश बारिश
हिमाचल प्रदेश में 5 सितंबर तक भारी बारिश का येलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बीती रात राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन हुआ और सड़कों पर मलबा आ गया। इससे यातायात प्रभावित हुआ है। बिजली और पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ा है। मौसम विभाग ने 5 सितंबर तक प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 6 से 9 सितंबर तक भी बारिश के आसार हैं, हालांकि इन दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार वीरवार सुबह तक प्रदेश में भूस्खलन और अन्य कारणों से 110 सड़कें अवरुद्ध हैं। इसके अलावा 198 बिजली ट्रांसफार्मर और 56 पेयजल योजनाएं बंद हैं। सड़कों की बात करें तो मंडी में 51, कुल्लू में 22, शिमला और सिरमौर में 8-8, चंबा और कांगड़ा में 7-7, ऊना में 4 और सोलन में 2 सड़कें बंद हैं। शेष प्रभावित सड़कें अन्य स्थानों पर हैं।

बिजली आपूर्ति पर भी बारिश का असर पड़ा है। शिमला जिले के रामपुर में 50 और चौपाल में 3 ट्रांसफार्मर बंद हैं। सोलन के बद्दी में 35 और अर्की में 30 ट्रांसफार्मर प्रभावित हैं। चंबा में 35, कुल्लू में 26 और सिरमौर में 11 ट्रांसफार्मर बंद हैं। पेयजल योजनाओं में सबसे ज्यादा असर शिमला और हमीरपुर में है। शिमला में 33 और हमीरपुर में 23 पेयजल योजनाएं ठप हैं।

परवाणू में पहाड़ी से गिरा मलबा, NH-05 पर आवाजाही प्रभावित

सोलन जिले के प्रवेशद्वार परवाणू में देर रात हुई तेज बारिश ने स्थिति बिगाड़ दी। परवाणू-पिंजौर खंड में पहाड़ी से मलबा, चट्टानें और पत्थर गिरने से मुख्य बाईपास मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। बारिश के दौरान एक पुल को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने लोगों और वाहन चालकों से प्रभावित क्षेत्र में विशेष सावधानी बरतने को कहा है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार NH-05 के परवाणू-पिंजौर खंड में भूस्खलन और पहाड़ी से मलबा आने के कारण दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। वाहन चालकों को प्रभावित बाईपास के बजाय पुराने कालका-पिंजौर मार्ग से जाने की सलाह दी गई है। हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही करने को कहा गया है। प्रशासन ने बारिश के दौरान भूस्खलन वाले क्षेत्रों के पास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है।

सिरमौर में गिरि जटोंन डैम के चार गेट खोले, मैदानी इलाकों में अलर्ट

सिरमौर जिले में भारी बारिश के बीच गिरि जटोंन डैम से आज सुबह फिर पानी छोड़ा गया। डैम के चार गेट खोले गए हैं। इससे पहले देर रात भी डैम से पानी छोड़ा गया था। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पानी छोड़े जाने के बाद मैदानी इलाकों के लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। नाहन सहित सिरमौर के कई हिस्सों में रातभर तेज बारिश हुई है और जिले की कई सड़कें भी यातायात के लिए बंद हुई हैं।

बिलासपुर के नैना देवी में 130.6 मिलीमीटर बारिश, कई इलाकों में जोरदार बरसात

बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर जिले के नैना देवी में सबसे अधिक 130.6 मिलीमीटर बारिश हुई। मंडी के मुरारी देवी में 85.8 मिलीमीटर, सिरमौर के जटोन बैराज में 67.6 मिलीमीटर, नाहन में 45.4 मिलीमीटर और सोलन के कसौली में 45.0 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

कांगड़ा के धर्मशाला में 37.1 मिलीमीटर, सिरमौर के पछाड़ में 33.0 मिलीमीटर, कांगड़ा के घमरूर में 25.2 मिलीमीटर, मंडी के जोगिंद्रनगर में 19.0 मिलीमीटर, सोलन में 18.6 मिलीमीटर और कुल्लू के कोठी में 18.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। कांगड़ा में बारिश के साथ गरज-चमक भी हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस दौरान ओलावृष्टि और तेज हवाओं की सूचना नहीं है।

3 से 5 सितंबर तक बारिश का दौर, उसके बाद चेतावनी नहीं

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3, 4 और 5 सितंबर को प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इन तीन दिनों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 6 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि 7 से 9 सितंबर के बीच भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश के आसार हैं। इन चार दिनों के लिए भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है।

मानसून में अब तक 261 मौतें, 471 घायल

इस मानसून सीजन में बारिश और इससे जुड़ी घटनाओं ने प्रदेश में भारी नुकसान पहुंचाया है। अब तक 261 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 471 लोग घायल हुए हैं। तीन लोग अभी भी लापता हैं। मृतकों में 154 की जान सड़क हादसों में गई है, जबकि 107 लोगों की मौत भूस्खलन, अचानक आई बाढ़, पानी में बहने, फिसलने, पहाड़ी से गिरने और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं में हुई है।

प्राकृतिक आपदाओं और बारिश के कारण 461 मवेशियों की भी मौत हुई है। प्रदेश में 112 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि 463 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 17 दुकानें और 415 पशुशालाएं भी ध्वस्त हुई हैं। सरकारी आकलन के अनुसार इस मानसून सीजन में प्रदेश को अब तक करीब 1,202 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। इसमें लोक निर्माण विभाग को करीब 914 करोड़ रुपये का नुकसान शामिल है।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

Mohammad Azam

लेखक के बारे में

Mohammad Azam

संक्षिप्त विवरण

मोहम्मद आजम पिछले 3.5 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में बतौर कंटेंट प्रोडूसर काम कर रहे हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: मोहम्मद आजम पिछले तीन सालों से ज्यादा समय से पत्रकारिता कर रहे हैं। कम समय में आजम ने पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया की बारीकियां सीखी हैं और अब भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट न्यूज टीम में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

आजम ने ग्रेजुएशन तक विज्ञान की पढ़ाई की है, लेकिन राजनीतिक विषयों में रुचि उनको पत्रकारिता की तरफ खींच लाई। आजम ने अपना पोस्ट ग्रेजुएशन देश के अग्रणी संस्थानों में से एक भारतीय जनसंचार संस्थान से पूरा किया। विज्ञान बैकग्राउंड होने के चलते आजम को फैक्ट आधारित पत्रकारिता करने में महारत हासिल है।


राजनीतिक पत्रकारिता में आजम

आजम की देश की राजनीति में काफी रुचि है। आजादी के पहले से लेकर आजादी के बाद की राजनीतिक घटनाओं की कई किताबों का अध्ययन होने के चलते अच्छी समझ है। यही कारण रहा कि आजम ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीतिक बीट से की। राजनीति के साथ आजम क्राइम और सोशल मीडिया पर वायरल चल रही खबरों में भी अच्छी महारत हासिल है।


पत्रकारिता का उद्देश्य

आजम का मानना है कि पत्रकारिता जनपक्षीय होनी चाहिए। पत्रकारिता के दौरान अपनी भावनाओं को काबू में रखकर तथ्य आधारित पत्रकारिता आजम को जिम्मेदार बनाती है। पत्रकारिता में आजम तथ्य आधारित सूचनाएं पहुंचाने के साथ ही, साहित्यिक लेखन में भी महारत हासिल है।


विशेषज्ञता ( Area of Expertise )

पॉलिटिकल और क्राइम की खबरें
राजनीति से जुड़े लोगों के इंटरव्यू
क्राइम और वायरल खबरें
पॉलिटिकल एक्सप्लेनर

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर! बंद हो गईं 110 सड़कें; 5 सितंबर तक येलो अलर्ट