
दुबई में तेजस क्रैश में वायुसेना ने गंवाया जांबाज, विंग कमांडर नमांश स्याल की मौत; हिमाचल से था नाता
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विमान उडान भरने के कुछ देर बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया और गिरते ही उसमें आग लग गयी जिससे धुंए का गुब्बार उठ गया। दुर्घटनाग्रस्त तेजस वायु सेना के 18 स्क्वाड्रन में शामिल था।
दुबई में प्रतिष्ठित एयर शो के दौरान शुक्रवार को भारतीय वायु सेना का स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस मार्क 1 प्रदर्शन करते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्भाग्य से इस हादसे में विमान को चला रहे वायुसेना के पायलट विंग कमांडर नमांश स्याल की मोत हो गई है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी पुष्टि की है।
हादसे के कुछ घंटे बाद CM सुक्खू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, “दुबई एयर शो में हुए तेजस विमान हादसे में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा ज़िला के वीर सपूत नमन स्याल जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। देश ने एक बहादुर, कर्तव्यनिष्ठ और साहसी पायलट खो दिया है। शोकाकुल परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। वीर सपूत नमन स्याल जी की अदम्य वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को हृदय से नमन।” रिपोर्ट्स के मुताबिक कांगड़ा जिले के रहने वाले विंग कमांडर नमनाश स्याल को उनके प्रोफेशनलिज्म और शांत स्वभाव के लिए जाना जाता था।
वायुसेना ने भी जताया दुख
इससे पहले भारतीय वायु सेना का स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस मार्क 1 रणकौशल करतबबाजी का प्रदर्शन करते समय दुबई के मकतूम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर क्रैश हो गया था। भारतीय वायु सेना के प्रवक्ता ने बताया कि दुबई एयर शो के दौरान वायु सेना का एक तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और दुर्घटना में विमान के पायलट की मौत हो गई। वायु सेना ने भी पायलट की मृत्यु पर खेद जताया है। वहीं वायुसेना के प्रवक्ता ने बताया है कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का गठन किया जा रहा है।
एयरशो में तीसरी बार हिस्सा ले रहा था तेजस
रिपोर्ट्स के अनुसार दुर्घटना स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 2 बजकर दस मिनट के करीब हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान उडान भरने के कुछ देर बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया और गिरते ही उसमें आग लग गयी जिससे धुंए का गुब्बार उठ गया। दुर्घटनाग्रस्त विमान वायु सेना के 18 स्क्वाड्रन में शामिल था। दुबई एयर शो दुनिया के बड़े एयर शो में शुमार है और तेजस इसमें तीसरी बार हिस्सा ले रहा था। दुबई एयर शो 17 नवम्बर को शुरू हुआ था और आज इसका अंतिम दिन था। एयर शो में तमाम बड़ी वायु सेनाओं के विमान हिस्सा ले रहे थे।


लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




