यह रेप नहीं है; शादीशुदा मर्द और महिला के बीच संबंध पर हाई कोर्ट ने कही बड़ी बात
पुलिस से की शिकायत में महिला ने बताया था कि उसकी शादी साल 2017 में हुई थी, लेकिन बाद में पति के साथ लगातार विवाद होने की वजह से कुछ वक्त बाद वह उससे अलग रहने लगी। इसी दौरान साल 2022 में वह आरोपी ज्योतिषी विनोद कुमार के संपर्क में आई।

हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसला देते हुए कहा है कि शादी का वादा उस स्थिति में धोखे से यौन संबंध बनाने का अपराध नहीं माना जा सकता, अगर आरोपी और पीड़ित दोनों पहले से ही किसी अन्य से शादीशुदा हों और उन्हें इस बारे में पता भी हो। जस्टिस संदीप शर्मा ने यह टिप्पणी विनोद कुमार नाम के एक ज्योतिषी की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए की। ज्योतिषी पर शादी का झूठा वादा करके 31 साल की महिला का यौन शोषण करने और उसे धमकाने का आरोप था।
बार एंड बेंच की एक रिपोर्ट के अनुसार महिला ने अपने साथ हुए अपराध के संबंध में इस साल 22 जून को आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत दर्ज FIR दर्ज कराई थी। यह धारा धोखे से यौन संबंध बनाने (जिसमें शादी का झूठा वादा भी शामिल है) से संबंधित है। लेकिन जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद याचिकाकर्ता ज्योतिषी को राहत देते हुए जज ने कहा कि महिला और पुरुष दोनों ही पहले से किसी और के साथ शादीशुदा थे और किसी ने भी अपने जीवनसाथी से तलाक नहीं लिया था। इसलिए यहां पर शादी के झूठे वादे का कोई सवाल ही नहीं उठता।
तमामदलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने कहा कि जमानत के चरण में वह इस बात से सहमत नहीं है कि आरोपी ने महिला की इच्छा के विरुद्ध उसका यौन शोषण किया था। कोर्ट ने पाया कि शिकायत दर्ज कराने से पहले महिला कई सालों तक आरोपी से मिलती रही थी।
'वे वैसे भी शादी नहीं कर सकते थे'
3 सितंबर को दिए अपने आदेश में कोर्ट ने कहा, ‘शादी का वादा उस स्थिति में कोई मायने नहीं रखता, जब याचिकाकर्ता और पीड़िता दोनों को ही यह पता हो कि वे पहले से शादीशुदा हैं। जब पीड़िता और याचिकाकर्ता दोनों ने ही अपने जीवनसाथी से तलाक नहीं लिया था, तो वे वैसे भी शादी नहीं कर सकते थे।’
9 साल पहले हुई थी महिला की शादी
पुलिस से की शिकायत में महिला ने बताया थ कि उसकी शादी साल 2017 में हुई थी, लेकिन बाद में पति के साथ लगातार विवाद होने की वजह से कुछ वक्त बाद वह उससे अलग रहने लगी। इसी दौरान साल 2022 में वह आरोपी ज्योतिषी विनोद कुमार के संपर्क में आई। जिसने महिला की कुंडली देखने के बाद दावा किया कि उसकी शादीशुदा जिंदगी में दिक्कतें हैं और उसका पति उसके लिए बिल्कुल भी ठीक नहीं है और उस शख्स के साथ वह कभी सुखी नहीं रहेगी।
‘ज्योतिषी ने इसी तरह अन्य महिलाओं को भी फंसाया’
इसके बाद आरोपी ने महिला को पति से तलाक लेने की सलाह देते हुए उकसाया और तैयार भी कर लिया। साथ ही यह भी कहा कि उसके (ज्योतिषी के) भी अपनी पत्नी के साथ अच्छे संबंध नहीं हैं और महिला अगर तलाक ले लेती है तो वह भी उससे शादी कर लेगा। महिला ने दावा किया कि आरोपी ने इसी तरह शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। लेकिन बाद में उसे पता चला कि आरोपी के अन्य महिलाओं के साथ भी संबंध थे और जब उसने इस बात पर आपत्ति जताई, तो आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की।
'पीड़िता खुद गई थी आरोपी के पास'
कोर्ट ने कहा, 'पीड़िता खुद अपनी कुंडली दिखाने के लिए याचिकाकर्ता के पास गई थी, जिसने फिर कथित तौर पर उसे अपने पति से तलाक लेने के लिए उकसाया।' जज ने कहा, 'पीड़िता 2022 से ही जमानत याचिकाकर्ता (आरोपी) से मिल रही थी और तब से ही उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि पीड़िता की ओर से कभी भी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।'
सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपी को 2 लाख के पर्सनल बॉन्ड और इतनी ही राशि की दो स्थानीय जमानतों पर जमानत दे दी। कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ आरोपी को जमानत दी, जिनमें गवाहों को प्रभावित नहीं करना, सबूतों के साथ छेड़छाड़ नहीं करना और बिना इजाजत देश छोड़कर नहीं जाने जैसी शर्तें शामिल हैं।

