ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News हिमाचल प्रदेशHimachal Pradesh Elections: मंडी में पीएम मोदी ने पुराने दिनों को किया याद, कहा- चाय पीकर लोगों से घंटों लड़ाता था गप्पे

Himachal Pradesh Elections: मंडी में पीएम मोदी ने पुराने दिनों को किया याद, कहा- चाय पीकर लोगों से घंटों लड़ाता था गप्पे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश में चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद पहली बार जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद किया और लोगों से एक और मौका मांगा।

Himachal Pradesh Elections: मंडी में पीएम मोदी ने पुराने दिनों को किया याद, कहा- चाय पीकर लोगों से घंटों लड़ाता था गप्पे
Sneha Baluniपीटीआई,मंडीSat, 05 Nov 2022 03:26 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंडी जिले के सुंदरनगर में हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए हुंकार भरी। उन्होंने 500 मीटर लंबे रोड शो के जरिए जनता में जोश भरा। चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद पीएम मोदी पहली बार पहाड़ी राज्य पहुंचे। उन्होंने जनता से बीजेपी को एक और मौका देने की अपील की। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश के लोगों ने बीजेपी को सत्ता में बनाए रखने का मन बना लिया है और यह राज्य की तेज प्रगति और एक स्थिर सरकार के लिए जरूरी है। इस दौरान उन्होंने अपने पुराने दिनों को भी याद किया।

चुनावी रैली में पीएम मोदी ने कहा, 'इस बार का हिमाचल का चुनाव बहुत खास है। इस बार 12 नवंबर को पड़ने वाला एक-एक वोट, हिमाचल के अगले 25 साल की विकास यात्रा तय करेगा। अमृतकाल के इन वर्षों में हिमाचल में तेज विकास जरूरी है, स्थिर सरकार जरूरी है। मुझे खशी है कि हिमाचल के लोग, यहां के युवा, यहां की माताएं-बहनें इस बात को अच्छी तरह समझ रही हैं। हिमाचल के लोग भाजपा सरकार की जोरदार वापसी की ठान चुके हैं।'

मंडी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृह जिला है। उन्होंने भी चुनावी रैली को संबोधित किया। विजय संकल्प रैली में पीएम ने कहा, 'कुछ हफ्ते पहले भारत ने आजादी के 75 साल पूरे किए हैं। जब भारत अपनी स्वतंत्रता के 100 साल मनाएगा, उसी के करीब, हिमाचल प्रदेश भी अपने गठन के 100 वर्ष पूरे करेगा। इसलिए आने वाले 25 साल बेहद अहम होने वाले हैं। बीजेपी जो संकल्प लेती है, उसकी सिद्धि करके दिखाती है।'

घंटों लड़ाता था गप्पे

अपने पुराने दिन याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'सुंदर नगर में मेरा पहले भी बहुत बार आना हुआ है। मैंने निहरी की चढ़ाई भी चढ़ी है और सराज, कुल्लू, किन्नौर, चंबा और कांगड़ा के दुर्गम क्षेत्र पैदल नापे हैं। यहां के रास्ते, सुंदर नगर की इतनी सुंदर बीबीएमबी झील, कोई कैसे भूल सकता है। अक्सर रास्ते में चाय पीकर स्थानीय लोगों से गप्पे लड़ाता था। हम घंटों गप्पे लड़ाते थे।'
    
कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि कांग्रेस के लिए सरकार में आना, सरकार में रहना, राज-पाट चलाने जैसा ही रहा है। हिमाचल में, पहाड़ी राज्यों में तो कांग्रेस दशकों तक तरसाओ, लटकाओ-भटकाओ की नीति पर चली है। झूठे वादे करना, झूठी गारंटी देना, कांग्रेस की पुरानी तरकीब रही है। किसानों से कर्जमाफी के नाम पर कांग्रेस किस तरह झूठ बोलती आ रही है, इसका भी गवाह पूरा देश रहा है।

कांग्रेस ने किया देश का पहला घोटाला

कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए पीएम ने कहा, 'आजादी के बाद देश का पहला घोटाला कांग्रेस ने रक्षा क्षेत्र में ही किया था। तब से कांग्रेस की सरकार जब तक रही, तब तक रक्षा सौदों में जमकर दलाली खायी। कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि देश रक्षा साजो-सामान के मामले में आत्मनिर्भर बने। आज भारत आत्मनिर्भर होने का अभियान चला रहा है। अपने हथियार खुद बनाने पर जोर दे रहा है। कांग्रेस देश की रक्षा की ही नहीं, बल्कि देश के विकास की भी हमेशा विरोधी रही है।'

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें