ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News हिमाचल प्रदेशसुक्खू ने बताई डीजल पर वैट बढ़ाने की वजह, सूबे के सबसे बड़े कांगड़ा जिले में केवल एक मंत्री क्यों, यह भी बताया

सुक्खू ने बताई डीजल पर वैट बढ़ाने की वजह, सूबे के सबसे बड़े कांगड़ा जिले में केवल एक मंत्री क्यों, यह भी बताया

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Sukh) ने सूबे में डीजल पर वैट बढ़ाने की वजहें बताई। उन्होंने यह भी बताया कि सूबे के सबसे बड़े कांगड़ा जिले को केवल एक ही मंत्री क्यों दिया गया है।

सुक्खू ने बताई डीजल पर वैट बढ़ाने की वजह, सूबे के सबसे बड़े कांगड़ा जिले में केवल एक मंत्री क्यों, यह भी बताया
Krishna Singhहिंदुस्तान,शिमलाTue, 10 Jan 2023 08:06 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के बाद मंगलवार को शिमला लौटे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा की पूर्व जयराम ठाकुर सरकार पर जोरदार हमला बोला। शिमला में संवाददाताओं से अनौपचारिक बातचीत में सुक्खू ने कहा कि पिछली जयराम सरकार ने धड़ल्ले से सैंकड़ों संस्थान खोलकर सरकारी खजाने को खाली कर दिया है। जयराम सरकार ने लोगों को ठगा है, लिहाजा इन्हे ठग की उपाधि मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार की कारगुजारी के कारण उनकी सरकार को वैट बढ़ाने और कर्ज की सीमा बढ़ाने जैसे कड़े वितीय फैसले लेने पड़ रहे हैं। 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि 75 वर्षों में हिमाचल प्रदेश में जितनी भी सरकारें रही हैं, उन्होंने सरकारी संस्थानों को मजबूत करने का काम किया। पिछली जयराम ठाकुर सरकार ने चुनाव से छह माह पहले रेवड़ियों की तरह संस्थान खोल दिये। इतना ही नहीं डीजल पर वैट कम कर सरकारी खजाने पर बोझ डाला ताकि चुनावों में उनको फायदा मिल सके लेकिन राज्य की जनता ने जयराम सरकार को नकार दिया और कांग्रेस को सत्ता में बैठाया। 

डीजल पर वैट बढ़ाने के सवाल पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य की मौजूदा वित्तीय हालात को देखते हुए उनकी सरकार ने डीजल पर वैट को मजबूरी में बढ़ाया है। इसी तरह राज्य की कर्ज लेने की सीमा को भी मजबूरी में बढ़ाया गया है। इसके लिए पिछली भाजपा सरकार जिम्मेदार है, क्योंकि उनकी गलत नीतियों ने सूबे में खराब हालात पैदा कर दिए हैं। 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार को आय के स्रोत सृजित करने के लिए कड़े वितीय निर्णय लेने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि पूर्व भाजपा सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण वर्तमान राज्य सरकार पर विरासत में 75000 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ पड़ा है। एक सवाल पर सुक्खू ने कहा कि कैबिनेट विस्तार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही कैबिनेट मंत्रियों को विभाग सौंप दिए जाएंगे।

सबसे बड़े कांगड़ा जिला में एक मंत्री बनाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कभी भी भेदभाव की राजनीति नहीं करती है। उनके लिए सभी जिले एक समान हैं, जो इस तरह की बातें करते हैं, वह जनता से झूठ बोलते हैं। सरकार में छह मुख्य संसदीय सचिवों की नियुक्ति पर भाजपा के कोर्ट जाने की धमकी पर सुक्खू ने कहा कि उनके लिए सभी रास्ते खुले हैं। पूर्व में भाजपा सरकार ने ही मुख्य संसदीय सचिवों के पद सृजित किए थे और अब वही नेता वर्तमान राज्य सरकार द्वारा सीपीएस नियुक्त करने के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं। मुख्य संसदीय सचिव कोई संवैधानिक पद नहीं है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें