
हिमाचल में कहां से आ रहे पाकिस्तान समर्थन वाले गुब्बारे, गुत्थी सुलझाने पुलिस ने अब उठाया यह कदम
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को जब्त कर लिया। साथ ही अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए पुलिस ने किसी भी अन्य संदिग्ध वस्तु की मौजूदगी की आशंका को खत्म करने के लिए आसपास के इलाकों का भी निरीक्षण किया था।
हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पिछले कुछ हफ्तों से PIA (पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस) या पाकिस्तानी झंडे छपे हुए गुब्बारे देखे जा रहे हैं। जिसके बाद अब राज्य की पुलिस ने इन गुब्बारों के सोर्स का पता लगाने के लिए पड़ोसी राज्यों पंजाब और राजस्थान की पुलिस से संपर्क किया है। साथ ही पुलिस ने इस बारे में भारतीय वायु सेना के अधिकारियों से भी संपर्क किया है। हालांकि इस मामले में अबतक कोई FIR दर्ज नहीं की गई है, लेकिन पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और इन गुब्बारों के सोर्स के बारे में स्थानीय दुकानदारों से भी पूछताछ कर रही है। पिछले कुछ महीनों के दौरान प्रदेश के हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में PIA लिखे तथा I LOVE PAKISTAN लिखे गुब्बारे मिल चुके हैं।
पुलिस का कहना है कि, 'अब तक इन गुब्बारों के अंदर कोई संदिग्ध डिवाइस जैसे गैजेट, सर्विलांस डिवाइस, ट्रैकर या सामान नहीं मिला है। हमने पाकिस्तान के साथ बॉर्डर शेयर करने वाले राज्यों में अपने समकक्षों से संपर्क किया है, जहां इसी तरह के गुब्बारे मिले थे, ताकि उनकी राय जानी जा सके।'
हाल ही में प्रदेश की दौलतपुर पुलिस चौकी के तहत चलेत गांव के निवासी तब घबरा गए थे, जब एक ग्रामीण के घर की छत पर PIA लिखा हुआ हवाई जहाज के आकार का एक गुब्बारा मिला था। इसके बाद उसने तुरंत इस बारे में दौलतपुर पुलिस चौकी को सूचना दी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को जब्त कर लिया था। साथ ही अतिरिक्त सावधानी के तौर पर पुलिस ने किसी भी अन्य संदिग्ध वस्तु की मौजूदगी की आशंका को खत्म करने के लिए आसपास के इलाकों का भी निरीक्षण किया था।
इससे पहले 8 दिसंबर को, गगरेट सब-डिवीजन के टटेहरा गांव में भी तीन ऐसे ही गुब्बारे मिले थे। इन गुब्बारों पर पाकिस्तानी झंडा था और उन पर 'आई लव पाकिस्तान' लिखा हुआ था। इसके अलावा, पिछले कुछ महीनों में हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में भी इसी तरह के गुब्बारे मिले थे।

लेखक के बारे में
Sourabh Jainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




