
शिमला में चिट्टा नेटवर्क पर बड़ी चोट, पति-पत्नी समेत 9 तस्कर दबोचे
राजधानी शिमला और आसपास के इलाकों में नशा तस्करी पर नकेल कसते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 9 चिट्टा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक दंपती और एक युवती भी शामिल है।
राजधानी शिमला और आसपास के इलाकों में नशा तस्करी पर नकेल कसते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 9 चिट्टा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक दंपती और एक युवती भी शामिल है। पहली कार्रवाई शिमला के उपनगर ढली में उस समय हुई जब बीती रात पुलिस टीम को पेट्रोलिंग के दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक होटल में चिट्टे की सप्लाई की जा रही है। इसके बाद पुलिस ने ढली बाईपास पर एक निजी होटल के कमरे नंबर 201 में दबिश दी और 12.960 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर पांच लोगों साहिल (27) निवासी सेक्टर-38 चंडीगढ़, शुभम चौधरी (25) निवासी समालखा पानीपत, अंकिता नेगी (26) निवासी बसताधार ननखड़ी, लालित चौहान (32) और उसकी पत्नी महिमा चौहान (27) निवासी चौपाल को गिरफ्तार कर लिया। ढली थाना में इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
दूसरी कार्रवाई रामपुर उपमंडल की डिटेक्शन टीम ने सैंज–सुन्नी रोड पर वाहन नंबर HP 01AA-0787 को रोककर की। इसमें बैठे तीन व्यक्तियों महेंद्र सिंह (39), दिवान सिंह (41) और महिंदर सिंह (42), तीनों निवासी निरमण्ड जिला कुल्लू के पास से 6.33 ग्राम चिट्टा मिला और उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया गया। इनके खिलाफ थाना कुमारसैन में मामला दर्ज किया जा रहा है।
इसके साथ ही ढली थाना में दर्ज एक पुराने मामले में कुलदीप कुमार (39) निवासी दुर्गापुर के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ प्रदेशभर में अभियान और सख्त किया जा रहा है और मादक पदार्थों की हर खेप को पकड़ने के लिए लगातार कड़ी निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट : यूके शर्मा

लेखक के बारे में
Aditi Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




