Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़lower bazaar or lower mall name change sparks in shimla traders dividing into two groups
लोअर बाजार या लोअर माल? शिमला में नाम बदलने पर हंगामा, 2 गुटों में बंटे व्यापारी

लोअर बाजार या लोअर माल? शिमला में नाम बदलने पर हंगामा, 2 गुटों में बंटे व्यापारी

संक्षेप:

शिमला में ऐतिहासिक माल रोड के नीचे स्थित लोअर बाजार के दोनों छोर पर ‘लोअर माल शिमला’ के साइन बोर्ड लगाए जाने के कारण हंगामा मच गया है। लोगों ने इसे शिमला की पहचान से छेड़छाड़ बताया है। व्यापारी समुदाय भी इस मुद्दे पर बंट गया है।

Fri, 24 Oct 2025 07:52 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share Share
Follow Us on

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नया विवाद खड़ा हो गया है। शिमला के ऐतिहासिक माल रोड के नीचे स्थित लोअर बाजार के दोनों छोर पर ‘लोअर माल शिमला’ के साइन बोर्ड लगाए जाने से हंगामा मच गया है। यह साइन बोर्ड सीटीओ और शेर-ए-पंजाब चौक के पास लगाए गए हैं। साइन बोर्ड लगने के बाद से ही सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया है। कई लोगों ने इसे शिमला की पहचान से छेड़छाड़ करार दिया है। व्यापारी समुदाय भी इस मुद्दे पर दो गुटों में बंट गया है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

पीडब्ल्यूडी को नोटिस

नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि नगर निगम की अनुमति के बिना कोई भी साइन बोर्ड नहीं लगाया जा सकता है। पीडब्ल्यूडी को नोटिस जारी कर दिया गया है। यदि यह साइन बोर्ड लोक निर्माण विभाग ने लगाए हैं तो उन्हें नगर निगम से अनुमति लेनी चाहिए थी। फिलहाल जांच के बाद पता चलेगा कि यह नाम परिवर्तन किसने किया और किसकी अनुमति से बोर्ड लगाए गए।

पीडब्ल्यूडी ने झाड़ा पल्ला

वहीं लोक निर्माण विभाग ने भी इस मामले से पल्ला झाड़ लिया है। विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि विभाग की ओर से ऐसे किसी बोर्ड को लगाने का आदेश जारी नहीं किया गया है। इससे स्थिति और भी उलझ गई है क्योंकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि साइन बोर्ड किसने लगाए।

व्यापारियों के बीच मतभेद

शिमला व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरजीत सिंह मंगा और पूर्व प्रधान इंदरजीत सिंह ने इस नाम परिवर्तन का समर्थन किया है। उनका कहना है कि पहले ब्रिटिश काल में इस जगह को लोअर माल के नाम से ही जाना जाता था। आजादी के बाद इसका नाम लोअर बाजार पड़ा। उनका मानना है कि ‘लोअर माल’ नाम से पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकेगा और कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।

बिजनेस एसोसिएशन की आपत्ति

वहीं दूसरी ओर माल रोड बिजनेस एसोसिएशन और इसके सदस्य वीरेंद्र ऋषि ने इस नाम परिवर्तन पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि लोअर बाजार का नाम लोअर माल करने से भ्रम की स्थिति पैदा होगी। शिमला आने वाले पर्यटक यह समझ नहीं पाएंगे कि यह मॉल रोड का हिस्सा है या अलग मार्केट। एसोसिएशन ने इस मामले में प्रशासन व स्थानीय विधायकको ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

लोअर बाजार शिमला शहर का सबसे पुराना बाजार

शिमला का लोअर बाजार शहर का सबसे पुराना और व्यस्त बाजार है। यह माल रोड के नीचे स्थित है और यहां रोजाना हजारों की संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक खरीदारी करने आते हैं। यहां मिठाई की मशहूर दुकान मेहरू हलवाई, अचार-मुरब्बे की पुरानी दुकान भ्राता ब्रदर्स और मिनोचा घी स्टोर जैसी कई ऐतिहासिक दुकानें हैं। आजादी से पहले जब भारतीयों का मॉल रोड पर जाना प्रतिबंधित था, तब स्वतंत्रता सेनानी इसी बाजार में गुप्त बैठकें किया करते थे।

मॉल रोड सैलानियों का पसंदीदा स्थल

वहीं मॉल रोड शिमला की पर्यटन पहचान है, जहां देश-विदेश से आने वाले सैलानी घूमना पसंद करते हैं। यहां की कॉफी शॉप्स, शो-रूम और औपनिवेशिक शैली की इमारतें पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। यही वजह है कि दोनों बाजारों की अपनी-अपनी पहचान है। ऐसे में लोअर बाजार के नए नाम के साइन बोर्ड लगने से नया विवाद शुरू हो गया है।

रिपोर्ट- यूके शर्मा

Krishna Bihari Singh

लेखक के बारे में

Krishna Bihari Singh
पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों से केबी उपनाम से पहचान रखने वाले कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह लोकमत, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। मूलरूप से यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली में पत्रकारिता कर चुके हैं। लॉ और साइंस से ग्रेजुएट केबी ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमफिल किया है। वह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।