हिमाचल के मौसम को पश्चिमी विक्षोभ करेगा 'डिस्टर्ब'; 16 से कूल-कूल होगी फिजा; 18-19 के लिए अलर्ट

लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
Follow us on Google News
share

Himachal Pradesh Weather : हिमाचल प्रदेश के मौसम में 16 अप्रैल से फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, एक ताजा व पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 16 से 19 अप्रैल के बीच कई क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की संभावना है। 

Shimla: People take a stroll during rainfall, in Shimla, Himachal Pradesh, Thursday, April 9, 2026. (PTI Photo)(PTI04_09_2026_000359A)

Himachal Pradesh Weather : हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन मौसम साफ रहने के बाद 16 अप्रैल से फिर बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 15 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा, लेकिन इसके बाद एक ताजा व पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 16 से 19 अप्रैल के बीच कई क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। खासकर 18 और 19 अप्रैल को कुछ स्थानों पर आंधी और आसमानी बिजली के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस दौरान बर्फबारी की भी संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल बढ़ेंगे

सोमवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है और राजधानी शिमला व पर्यटन नगरी मनाली में सुबह से गुनगुनी धूप खिली है। वहीं निचले व मैदानी इलाकों में तेज धूप के कारण लोगों को हल्की उमस महसूस हुई। पिछले दो दिन से राज्य के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का क्रम थमा हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि 15 अप्रैल तक मौसम के इसी तरह साफ बने रहने के आसार हैं, जबकि 16 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल बढ़ेंगे और कई स्थानों पर हल्की वर्षा की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं।

बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट का असर

अप्रैल महीने में अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 140 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है। बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों तथा फलदार पौधों विशेष रूप से सेब को नुकसान भी हुआ है। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हालिया बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट का असर बना हुआ है। सोमवार को प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कहां कितना रहा तापमान

प्रदेश के विभिन्न शहरों में सोमवार को दर्ज न्यूनतम तापमान पर नजर डालें, तो लाहौल स्पीति जिला के मुख्यालय केलांग में माइनस 0.8 डिग्री, ताबो 1.0, कुकुमसेरी 2.1, कल्पा 2.8, मनाली 5.7, कुफरी व सेओबाग 6.4, धर्मशाला 7.8, भुंतर 9.2, सोलन 9.5, शिमला 10.0, पालमपुर 10.5, चंबा 10.8, बरठीं 10.9, सुंदरनगर 11.8, नाहन 12.1, जुब्बड़हट्टी 12.2, कांगड़ा 12.4, मंडी 12.9, बिलासपुर 13.5, ऊना 13.8, देहरा गोपीपुर 17.0 और पांवटा साहिब 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग की लोगों को सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को 18 और 19 अप्रैल के दौरान खराब मौसम की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है, विशेषकर ऊंचाई वाले इलाकों और खुले क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को एहतियात बरतने की अपील की गई है।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।