हिमाचल प्रदेश मौसमः बढ़ने लगी तपिश, 17 अप्रैल से फिर बिगड़ेगा मौसम; आंधी-ओलावृष्टि का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ बने रहने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और प्रदेश के कई हिस्सों में तपिश महसूस होने लगी है। राज्य के निचले इलाकों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। अगले तीन-चार दिन में आंधी, बारिश व ओलावृष्टि के आसार हैं।

हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ बने रहने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और प्रदेश के कई हिस्सों में तपिश महसूस होने लगी है। राज्य के निचले इलाकों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। बीते 24 घंटों के दौरान ऊना में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन के हिसाब से काफी अधिक माना जा रहा है।
न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी का रुझान जारी है। बुधवार को राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज किया गया और यह सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान बढ़ने से सुबह और रात के समय भी हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है। हालांकि अगले तीन-चार दिन मौसम में बदलाव आएगा और आंधी व गरज के बारिश व ओलावृष्टि के आसार हैं। मौसम विभाग ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है।
हिल स्टेशनों की रातें भी गर्म
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बुधवार सुबह दर्ज न्यूनतम तापमान के अनुसार लाहौल स्पीति जिला के मुख्यालय केलांग में 1.3 डिग्री, ताबो में 3.0, कुकुमसेरी में 3.5, कल्पा में 4.6, कुफरी में 7.9, सराहन में 8.8, सेओबाग में 9.8, भुंतर में 10.5, सोलन में 11.0, बरठीं में 11.4, चंबा में 11.8, मनाली में 11.9, सुंदरनगर में 12.2, शिमला में 13.4, मंडी में 13.6, पालमपुर में 14.0, ऊना में 14.6, कांगड़ा में 14.7, जुब्बड़हट्टी में 14.8, बिलासपुर में 15.0, नाहन में 15.7 तथा पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला और मनाली का न्यूनतम तापमान सामान्य से क्रमशः 1 व 6 डिग्री ऊपर चला गया है। इससे इन दोनों हिल स्टेशनों की रातें भी गर्म हो गई हैं।
कल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार आज भी प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा और दिन भर धूप खिली रहेगी । हालांकि कल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से 16 से 19 अप्रैल तक प्रदेश के मौसम में बदलाव आएगा। इनमें 17, 18 और 19 अप्रैल को मौसम सबसे अधिक प्रभावित रहने का अनुमान है।
येलो अलर्ट जारी
17 अप्रैल को प्रदेश के कई भागों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और बिजली कड़कने का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। 18 और 19 अप्रैल को भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बिजली गिरने का येलो अलर्ट रहेगा। इन दिनों उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ी
मौसम विभाग के इस अलर्ट के बाद किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है। बेमौसमी वर्षा और ओलावृष्टि को फसलों और फलदार पौधों के लिए नुकसानदायक माना जाता है। खासतौर पर सेब और मटर जैसी फसलों को इससे नुकसान पहुंच सकता है। इस महीने पहले भी कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि से फसलों और फलों को नुकसान हो चुका है। विभाग के अनुसार अप्रैल महीने में अब तक प्रदेश में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है।
रिपोर्ट : यूके शर्मा
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


