हिमाचल में फिर बर्फबारी, लाहौल स्पीति में सड़कें बंद; इन 10 जिलों में बारिश का अलर्ट

लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
Follow us on Google News
share

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में बर्फबारी हो रही है, जबकि लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर रही है। लाहौल में अब तक करीब एक इंच बर्फबारी दर्ज की गई है। केलांग में 3 सेंटीमीटर और गोंडला में 5 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज हुई है।

हिमाचल प्रदेश बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में फिर हुई बर्फबारी

Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में अक्टूबर के मध्य में मौसम ने फिर करवट ली है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में बर्फबारी हो रही है, जबकि लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर रही है। लाहौल में अब तक करीब एक इंच बर्फबारी दर्ज की गई है। केलांग में 3 सेंटीमीटर और गोंडला में 5 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज हुई है। बर्फबारी और बारिश के कारण लाहौल-स्पीति में तीन प्रमुख सड़क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। इस बीच मौसम विभाग ने लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के बाकी 10 जिलों में आज आंधी, बिजली और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

बर्फबारी से तीन प्रमुख सड़क मार्ग बंद

लाहौल-स्पीति में बर्फबारी के बाद सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। जिला प्रशासन के अनुसार दारचा से सरचू, दारचा से शिंकुला और ग्राम्फू से बातल तक सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद है। इन मार्गों पर सफर करने वाले लोगों को मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखने की जरूरत है।

अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से दारचा तक सड़क खुली हुई है। वहीं, रोहतांग दर्रे से अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल तक सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक ही यातायात की अनुमति है। स्पीति में सुमदो से काजा होते हुए बातल तक सड़क खुली है। उदयपुर में तांदी से कढू नाला तक भी यातायात जारी है। प्रशासन के अनुसार लाहौल में बारिश और बर्फबारी हो रही है, जबकि उदयपुर में बारिश और स्पीति में बादल छाए हुए हैं। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से सफर शुरू करने से पहले सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी लेने और सावधानी बरतने की अपील की है।

शिमला के खदराला में 81.1 मिलीमीटर बारिश, कई इलाकों में गरज-चमक

प्रदेश के मैदानी और मध्यवर्ती इलाकों में भी मौसम का असर दिख रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर शेष 10 जिलों में आंधी और बिजली गिरने के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। कुल्लू, सिरमौर, चंबा और कांगड़ा में बारिश हो रही है, जबकि शिमला में सुबह से तेज हवाएं चल रही हैं। प्रदेश के अन्य हिस्सों में बादल छाए हुए हैं।

बीते 24 घंटों में शिमला जिला के खदराला में सबसे अधिक 81.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। धर्मशाला में 28 मिलीमीटर, पालमपुर में 19 मिलीमीटर और कुकुमसेरी में 15.9 मिलीमीटर बारिश हुई। सुंदरनगर में कोहरा छाया रहा। जोत, एएमएस कांगड़ा और पालमपुर में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं। खदराला में ओलावृष्टि भी हुई।

लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में तापमान माइनस 0.4 डिग्री

बर्फबारी और बारिश के बीच प्रदेश में ठंड बढ़ने लगी है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ताबो में 1.2 डिग्री और केलांग में 2.7 डिग्री तापमान रहा। किन्नौर के कल्पा में तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया।

मनाली में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री, कुफरी में 8.9 डिग्री, सेओबाग में 9.8 डिग्री और भरमौर में 10 डिग्री सेल्सियस रहा। पालमपुर में 11 डिग्री, भुंतर और बजौरा में 11.3 डिग्री, शिमला में 12 डिग्री तथा सोलन में 13.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

देहरा गोपीपुर में तापमान 14 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 14.9 डिग्री, चंबा में 15 डिग्री, सुंदरनगर में 15.2 डिग्री, नाहन में 15.3 डिग्री और कांगड़ा में 15.4 डिग्री रहा। मंडी में 16.3 डिग्री, सराहन में 17.2 डिग्री, बरठीं में 17.4 डिग्री, ऊना में 18 डिग्री, नेरी में 18.4 डिग्री और बिलासपुर में 18.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पांवटा साहिब में तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा।

16 और 17 अक्टूबर को भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। 16 और 17 अक्टूबर को भी कुछ जगहों पर हल्की या छिटपुट बारिश की संभावना है। इसके बाद 18 से 21 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और उत्तरी पाकिस्तान के आसपास सक्रिय है। इसके प्रभाव से प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और ठंड का असर बना रह सकता है। अक्टूबर में हुई इस ताजा बर्फबारी से ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में सर्दी का असर बढ़ गया है। सड़क मार्गों पर आवाजाही करने वाले लोगों को मौसम विभाग के अलर्ट और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

Mohammad Azam

लेखक के बारे में

Mohammad Azam

संक्षिप्त विवरण

मोहम्मद आजम पिछले 3.5 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में बतौर कंटेंट प्रोडूसर काम कर रहे हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: मोहम्मद आजम पिछले तीन सालों से ज्यादा समय से पत्रकारिता कर रहे हैं। कम समय में आजम ने पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया की बारीकियां सीखी हैं और अब भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट न्यूज टीम में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

आजम ने ग्रेजुएशन तक विज्ञान की पढ़ाई की है, लेकिन राजनीतिक विषयों में रुचि उनको पत्रकारिता की तरफ खींच लाई। आजम ने अपना पोस्ट ग्रेजुएशन देश के अग्रणी संस्थानों में से एक भारतीय जनसंचार संस्थान से पूरा किया। विज्ञान बैकग्राउंड होने के चलते आजम को फैक्ट आधारित पत्रकारिता करने में महारत हासिल है।


राजनीतिक पत्रकारिता में आजम

आजम की देश की राजनीति में काफी रुचि है। आजादी के पहले से लेकर आजादी के बाद की राजनीतिक घटनाओं की कई किताबों का अध्ययन होने के चलते अच्छी समझ है। यही कारण रहा कि आजम ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीतिक बीट से की। राजनीति के साथ आजम क्राइम और सोशल मीडिया पर वायरल चल रही खबरों में भी अच्छी महारत हासिल है।


पत्रकारिता का उद्देश्य

आजम का मानना है कि पत्रकारिता जनपक्षीय होनी चाहिए। पत्रकारिता के दौरान अपनी भावनाओं को काबू में रखकर तथ्य आधारित पत्रकारिता आजम को जिम्मेदार बनाती है। पत्रकारिता में आजम तथ्य आधारित सूचनाएं पहुंचाने के साथ ही, साहित्यिक लेखन में भी महारत हासिल है।


विशेषज्ञता ( Area of Expertise )

पॉलिटिकल और क्राइम की खबरें
राजनीति से जुड़े लोगों के इंटरव्यू
क्राइम और वायरल खबरें
पॉलिटिकल एक्सप्लेनर

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़हिमाचल में फिर बर्फबारी, लाहौल स्पीति में सड़कें बंद;10 जिलों में बारिश का अलर्ट