Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़Himachal Pradesh weather forecast oarange alert for heavy rain in many areas
हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों में होगी बहुत भारी बारिश, 2 दिन के लिए मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों में होगी बहुत भारी बारिश, 2 दिन के लिए मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

संक्षेप: हिमाचल प्रदेश के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन तेज हवाओं के साथ बहुत भारी बारिश होने वाली है।

Sat, 13 Sep 2025 11:57 AMMohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share Share
Follow Us on

हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने आज और कल यानी 13 और 14 सितम्बर को राज्य के 10 जिलों हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा, कुल्लू, सोलन, शिमला, चंबा, सिरमौर और मंडी में गरज, अंधड़ और बिजली गिरने के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस बीच बिलासपुर जिले के श्री नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के नम्होल में बीती रात भारी बारिश से नुकसान हुआ है। गांव गुतराहण बहादुरपुर धार में सड़कें टूट गईं और किनारे खड़ी कई गाड़ियां मलबे में दब गईं। इलाके में कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार बारिश और भूस्खलन से प्रदेश में शनिवार सुबह तक तीन नेशनल हाईवे समेत 574 सड़कें बंद हो गईं और बिजली-पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ा।

बीती रात से सुबह तक कांगड़ा जिला के पालमपुर में सर्वाधिक 86 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मंडी के मुरारी देवी में 69 मिलीमीटर, कांगड़ा में 58 और जोगिन्दरनगर में 45 मिलीमीटर बारिश हुई। लगातार हो रही वर्षा से जगह-जगह भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं सामने आईं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक कुल्लू जिले में एनएच-03 और एनएच-305 व 174 सड़कें, मंडी में 166, शिमला में 48, कांगड़ा में 45, चंबा में 44, सिरमौर में 28, बिलासपुर में 24 और ऊना में एनएच-503ए व 23 सड़कें बंद हो गईं।

बारिश और भूस्खलन से बिजली व पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ा। प्रदेश में 389 ट्रांसफार्मर और 333 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। इनमें चंबा के 149, कुल्लू के 138 और मंडी के 64 ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं, जबकि पेयजल योजनाओं में कांगड़ा की 176, शिमला की 73 और मंडी की 52 बंद हो गईं।

इस बार का मानसून सीजन हिमाचल के लिए भारी तबाही लेकर आया है। अब तक 386 लोगों की मौत हो चुकी है और 41 लोग लापता हैं, जबकि 451 लोग घायल हुए हैं। जिला वार आंकड़ों के अनुसार मंडी में सर्वाधिक 61, कांगड़ा में 54, कुल्लू में 44, चंबा में 43, शिमला में 40, किन्नौर में 28, सोलन में 27, ऊना में 25, सिरमौर में 20, बिलासपुर में 19, हमीरपुर में 16 और लाहौल-स्पीति में 9 लोगों की जान गई है।

बरसात ने मकानों, दुकानों और गौशालाओं को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। अब तक 1,372 मकान पूरी तरह ढह गए हैं और 5,883 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। 484 दुकानें और 5,929 गौशालाएं भी नष्ट हो चुकी हैं। पशुधन को भी भारी नुकसान हुआ है, जिसमें 2,083 पशुओं और 26 हजार से अधिक पोल्ट्री पक्षियों की मौत शामिल है।

प्रारंभिक आकलन के मुताबिक प्रदेश को अब तक 4,465 करोड़ रुपये की सार्वजनिक संपत्ति का नुकसान हो चुका है। इस मानसून सीजन में 137 भूस्खलन, 97 फ्लैश फ्लड और 45 बादल फटने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। लगातार हो रही वर्षा से हालात अभी सामान्य नहीं हो पाए हैं और प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने तथा विशेषकर नदी-नालों से दूर रहने की हिदायत दी है।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

Mohammad Azam

लेखक के बारे में

Mohammad Azam
युवा पत्रकार आजम ने लाइव हिन्दुस्तान के साथ पत्रकारिता की शुरुआत की। 8 राज्यों की पॉलिटिकल, क्राइम और वायरल खबरें कवर करते हैं। इनकी मीडिया की पढ़ाई भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से हुई है। इंटरव्यू, पॉडकास्ट और कहानियां कहने का शौक है। हिंदी, अंग्रेजी साहित्य के साथ उर्दू साहित्य में भी रुचि है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।