हिमाचल के कुल्लू में 2 जगह फटे बादल, खाली कराए गांव; इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट- VIDEO
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बादल फटने की दो घटनाएं हुई हैं। पहली घटना बठाहड़ क्षेत्र और दूसरी श्रीखंड महादेव भीम डवारी इलाके में ऊंची पहाड़ियों पर हुईं। प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई गांव खाली कराए हैं।
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मॉनसून कहर बरपाने पर आमादा है। कुल्लू जिले के बंजार एवं आनी-निरमंड उपमंडल में बुधवार को ऊंची पहाड़ियों पर बादल फटने की घटनाएं हुईं। पहली घटना बठाहड़ क्षेत्र में और दूसरी श्रीखंड महादेव भीम डवारी इलाके में हुई। बादध फटने से तीर्थन घाटी और आसपास के कई निचले ग्रामीण इलाकों में पानी और मलबा भर गया। प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई गांवों को खाली करा लिया है।
पुल क्षतिग्रस्त,भेजी गई टीमें
आनी के कुर्पण खड्ड में बाढ़ आने से पैदल पुल क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात है कि अभी तक किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। डीसी कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में टीमें भेज दी गई हैं और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रामपुर के कई क्षेत्रों में भी बाढ़ का खतरा
उधर, कुल्लू की पहाड़ियों पर बादल फटने के बाद सीमावर्ती रामपुर के नानंटी क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए। गानवी खड्ड उफान पर है, मगर किसी तरह की जानमाल की हानि नहीं हुई।
मंडी के बलद्वारा में सबसे ज्यादा बारिश
कुछ क्षेत्रों में बारिश से राहत जरूर मिली लेकिन खतरा टला नहीं है। इस दौरान मंडी के बलद्वारा में सर्वाधिक 31 मिमी, सोलन के कसौली में 23 मिमी, बिलासपुर के नैना देवी में 18 मिमी और शिमला के सराहन में 15 मिमी वर्षा दर्ज हुई। राजधानी शिमला में शाम के समय झमाझम वर्षा हुई।
रामपुर उपमण्डल में भी तबाही
शिमला जिले के रामपुर उपमण्डल के 15/ 20 इलाके के गानवी खड्ड में बाढ़ आने से गानवी में दो पुल बह गए जबकि गानवी पुलिस चौकी मालवे में दफन हो गई। गांववी बस स्टॉपेज एवं साथ की दुकानें भी बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। पहाड़ों पर भारी बारिश के कारण गानवी खड्ड में बाढ़ आने से अफरा तफरी है। गांनवी गांव को जोड़ने वाला पुल के साथ ही कूट और क्याव पंचायत को जोड़ने वाले दोनों पुलों के बहने आवाजाही ठप हो गई है।
इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज रात लाहौल स्पीति व किन्नौर को छोड़कर शेष सभी 10 जिलों में भारी वर्षा का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। 14 अगस्त को चंबा, कांगड़ा और मंडी में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट और ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू, शिमला, सोलन व सिरमौर में येलो अलर्ट जारी किया है।
15, 16 और 17 अगस्त को इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 15 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के अलग अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 16 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, मंडी और शिमला में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 17 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और शिमला जिलों के अलग अलग हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
दो नेशनल हाइवे और 323 सड़कें बंद
भारी वर्षा के चलते भूस्खलन का दौर जारी है। बुधवार शाम तक राज्य में 2 नेशनल हाइवे—305 (कुल्लू के जहेड-खनग) और 505 (लाहौल-स्पीति) के अलावा 323 सड़कें बंद रहीं। इनमें मंडी में 179, कुल्लू में 70, कांगड़ा में 25, चंबा में 13 और सिरमौर में 11 सड़कें शामिल हैं।
राज्य में अभी 70 ट्रांसफार्मर ठप हैं। इनमें मंडी में 50, लाहौल-स्पीति में 11 और सोलन में 5 शामिल हैं। इसके अलावा 130 पेयजल योजनाएं भी बाधित हैं, जिनमें मंडी की 72 और कांगड़ा की 41 योजनाएं शामिल हैं।
अब तक 241 मौतें
इस मानसून सीजन में अब तक 241 लोगों की मौत हो चुकी है, 36 लोग लापता हैं और 326 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में मंडी के 47, कांगड़ा के 39, चंबा के 26, शिमला व कुल्लू के 21-21, किन्नौर के 17, हमीरपुर के 16, सोलन के 15, ऊना के 14, बिलासपुर के 10, सिरमौर के 9 और लाहौल-स्पीति के 6 लोग शामिल हैं।
2,205 घर क्षतिग्रस्त
अब तक सूबे में बारिश के कारण हुए हादसों में 2,205 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें 523 पूरी तरह ढह गए। इसके अलावा 312 दुकानें और 2,043 पशुशालाएं नष्ट हो चुकी हैं। अकेले मंडी में 1,212 घर क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें 415 पूरी तरह ध्वस्त हुए।
दो हजार करोड़ से अधिक का नुकसान
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब तक 2,031 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। इसमें लोक निर्माण विभाग को 1,086 करोड़ और जलशक्ति विभाग को 691 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बरसात के दौरान अब तक 57 भूस्खलन, 63 बाढ़ और 31 बादल फटने की घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं।
रिपोर्ट- यूके शर्मा

लेखक के बारे में
Krishna Bihari Singhलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




