कल से बदल जाएगा हिमाचल प्रदेश का मौसम, 3 दिन लगातार होगी बर्फबारी और बारिश; येलो अलर्ट
- Himachal Ka mausam: हिमाचल प्रदेश के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कल से हिमाचल प्रदेश का मौसम बदल जाएगा। इस दौरान तीन दिन लगातार बारिश और बर्फबारी होगी।

Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से धूप खिली हुई थी लेकिन मौसम का मिजाज अब बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में तीन फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिससे प्रदेश के अधिकतर इलाकों में बारिश और बर्फबारी होगी। इस बदलाव के चलते तीन से पांच फरवरी तक प्रदेश के मैदानी और मध्य पर्वतीय जिलों में बारिश और उच्च पर्वतीय जिलों में भारी बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान तेज़ हवाएं चलने और आसमानी बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है।
चार फरवरी को तेज अंधड़ और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने चार फरवरी को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तेज़ अंधड़ चलने और आसमानी बिजली गिरने की चेतावनी दी है। साथ ही बारिश-बर्फबारी के कारण शीतलहर तेज़ होने की संभावना है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात की संभावना जताई गई है जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में भारी गिरावट आएगी और सर्दी बढ़ेगी। हालांकि छह फरवरी से मौसम साफ होने की उम्मीद है और छह से आठ फरवरी तक प्रदेश में मौसम सामान्य बना रहेगा।
लाहौल-स्पीति में कड़ाके की ठंड, कई जगह पारा शून्य से नीचे
प्रदेश में ठंड का असर लगातार जारी है। बीती रात राज्य की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया जिससे शीतलहर तेज़ हो गई। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति और किन्नौर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान -9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी जिले के ताबो में तापमान -7.8 डिग्री और केलंग में -6 डिग्री दर्ज किया गया। किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान -2.3 डिग्री रहा।
शिमला और मनाली में भी ठंड बढ़ी
प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली में भी ठंड बढ़ गई है। मनाली में रविवार को न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री और शिमला में 4 डिग्री दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर देखने को मिल रहा है और कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसन विभाग के अनुसार पिछले 24 घण्टों में राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में -0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तीन फरवरी से प्रदेश में मौसम करवट लेगा और पांच फरवरी तक बारिश-बर्फबारी होगी। यह स्थिति ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले व मैदानी इलाकों में सामान्य बारिश ला सकती है। हिमपात और बारिश के कारण तापमान में तेज़ गिरावट आएगी जिससे सर्दी और अधिक बढ़ सकती है।
रिपोर्ट : यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।