हिमाचल प्रदेश में 30 अप्रैल से पहले पंचायत चुनाव, मेडिकल कॉलेज में भर्तियां; कैबिनेट ने कई फैसले लिए

Jan 19, 2026 05:32 pm ISTSubodh Kumar Mishra लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share Share
Follow Us on

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सचिवालय में सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में पंचायत चुनावों को लेकर बड़ा फैसला लिया गया। कैबिनेट ने हाई कोर्ट के आदेशों के अनुसार पंचायत चुनाव 30 अप्रैल से पहले करवाने पर सहमति जताई है। 

हिमाचल प्रदेश में 30 अप्रैल से पहले पंचायत चुनाव, मेडिकल कॉलेज में भर्तियां; कैबिनेट ने कई फैसले लिए

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सचिवालय में सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में पंचायत चुनावों को लेकर बड़ा फैसला लिया गया। कैबिनेट ने हाई कोर्ट के आदेशों के अनुसार पंचायत चुनाव 30 अप्रैल से पहले करवाने पर सहमति जताई है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह इस मामले में सुप्रीम कोर्ट नहीं जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पंचायती राज विभाग को चुनाव से जुड़ी सभी तैयारियां तुरंत शुरू करने के संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं। पिछले दिनों हाई कोर्ट ने चुनाव आयोग को 30 अप्रैल तक पंचायत चुनाव संपन्न करने के आदेश दिए थे। इसकी अनुपालन में कैबिनेट ने ये फैसला लिया है। कैबिनेट के फैसलों की प्रेस ब्रीफिंग करते हुए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने ये जानकारी दी।

मेडिकल कॉलेजों में खाली पड़े 120 पद भरे जाएंगे

कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने को लेकर भी कई फैसले किए गए। मेडिकल कॉलेजों में तकनीकी स्टाफ के खाली पड़े 120 पदों को भरने की मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर में अत्याधुनिक कैंसर केयर सेंटर खोलने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए 11 नए विभाग बनाए जाएंगे और करीब 250 पद सृजित कर भरे जाएंगे। वहीं बिलासपुर स्थित एम्स परिसर में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए आठ अतिरिक्त ब्लॉक बनाने की भी अनुमति दी गई है।

एक माह पहले सामाजिक सुरक्षा पेंशन

मंत्री ने बताया कि जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों को अब एक माह पहले पेंशन देने का निर्णय लिया गया है, ताकि उन्हें समय पर सहायता मिल सके। इसके लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन नियमों में संशोधन को भी मंजूरी दी गई है।

डिजास्टर मैनेजमेंट सेल में 11 नए पद सृजित

राज्य में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राजस्व विभाग के डिजास्टर मैनेजमेंट सेल में 11 नए पद सृजित कर उन्हें भरने का फैसला लिया गया है। वहीं राजस्व विभाग में स्टाफ की कमी को देखते हुए सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों को निश्चित मानदेय पर दोबारा नियुक्त करने का निर्णय भी लिया गया है, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा हो सके। इसके अलावा छह तहसीलदारों और कर एवं आबकारी विभाग में सहायक आयुक्त के 11 पद भरने की मंजूरी दी गई है।

स्टाफ नर्स की भर्ती के लिए आयु सीमा में बदलाव

नौकरी से जुड़े फैसलों में कैबिनेट ने स्टाफ नर्स की भर्ती के लिए आयु सीमा में बड़ा बदलाव किया है। अब आयु सीमा 21 से 32 वर्ष के बजाय 18 से 45 वर्ष कर दी गई है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को पांच वर्ष की अतिरिक्त छूट भी दी जाएगी। इसके साथ ही सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर नीति में संशोधन कर इन-सर्विस डॉक्टरों और सीधे भर्ती होने वाले अभ्यर्थियों के लिए सीटों का अनुपात तय किया गया है।

शिमला-दिल्ली और शिमला-धर्मशाला विमान सेवा

पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट ने शिमला-दिल्ली और शिमला-धर्मशाला मार्ग पर सप्ताह के सातों दिन 46 सीटर विमान सेवा बहाल करने की मंजूरी दी है। इसके अलावा शिमला में अंतरराष्ट्रीय स्तर का नया आइस स्केटिंग रिंक बनाने का भी फैसला लिया गया है। कांगड़ा जिले के धर्मशाला के पास नड्डी में 4.3 किलोमीटर लंबी जिपलाइन परियोजना को भी स्वीकृति दी गई है, जिसे पूरा होने पर एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन बताया जा रहा है।

खाद्य और पोषण नीति को मंजूरी

कैबिनेट ने खाद्य और पोषण नीति को भी मंजूरी दी है। इसके तहत कंडाघाट में फूड सेफ्टी लैब को उन्नत किया जाएगा और कांगड़ा, मंडी, शिमला और सोलन (बद्दी) में नए पोषण और खाद्य जांच प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। राज्य में अनाथों और विधवाओं के कल्याण के लिए पेट्रोल और डीजल पर ‘अनाथ और विधवा उपकर’ लगाने के लिए अध्यादेश लाने का भी फैसला लिया गया है, जिसे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं बताया गया है।

इसके अलावा कैबिनेट ने भू-तापीय ऊर्जा नीति अपनाने, चार जल विद्युत परियोजनाओं को आवंटित करने, औद्योगिक निवेश नीति को मार्च 2026 तक बढ़ाने और हिमाचल भूमि राजस्व नियम, 2025 को मंजूरी देने जैसे कई अन्य अहम निर्णय भी लिए हैं।

रिपोर्ट :यूके शर्मा

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।