
हिमाचल के सोलन में धमाका, इमारतों के टूटे शीशे; दूर तक सुनी गई आवाज
हिमाचल के सोलन में नालागढ़ पुलिस थाने के पास एक भीषण धमाका हुआ है। विस्फोट की आवाज करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इससे पास के आर्मी अस्पताल और अन्य इमारतों के शीशे तक टूट गए।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नालागढ़ पुलिस थाने के पास एक भीषण धमाका हुआ है। इससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। विस्फोट इतना जोरदार था कि करीब आधा किलोमीटर दूर तक आवाज सुनाई दी। इतना ही नहीं इससे पास के आर्मी अस्पताल और अन्य इमारतों के शीशे तक टूट गए। घटना में किसी की जान नहीं गई है। पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीमों ने मौके पर जांच की है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
इमारतों के टूटे शीशे
बताया जाता है कि नालागढ़ पुलिस थाने के पास गली में जोरदार धमाका हुआ जिससे लोग दहशत में आ गए। आसपास की इमारतों और आर्मी अस्पताल के शीशे तक टूट गए। धमाके की आवाज आधे किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया है। विस्फोट किस वजह से हुआ, इस बारे में पुलिस का कहना है कि जांच जारी है। कारण अभी अज्ञात है।
मौके से लिए गए सैंपल
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कमान संभाल ली है। विस्फोट से सैनिक विश्राम गृह की दीवारों और खिड़कियों को नुकसान पहुंचा है। बद्दी के एसपी विनोद धीमान और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की। बद्दी के एसपी विनोद धीमान ने बताया कि धमाका सुबह करीब 9:40 बजे हुआ। फोरेंसिक टीम ने अलग-अलग जगहों से सैंपल इकट्ठा किए हैं। इलाके में घबराहट का माहौल नहीं है। चिंता की कोई बात नहीं है।
ऐसा लगा सब कुछ हिल गया हो
स्थानीय निवासियों का कहना है कि धमाका बेहद भीषण था। इसकी आवाज दूर तक सुनी गई। धमाके से कंपन महसूस हुआ। इससे सभी लोग डर गए। घटना को लेकर लोगों में कौतूहल है। एक चश्मदीद ने बताया कि 16 एमएम मोटे शीशे भी टूट गए। धमाके से सब कुछ हिल गया।
एसपी विनोद धीमान ने बताया कि फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट आने के बाद कारण और इस्तेमाल किए गए केमिकल का पता चलेगा। कोई ईमेल या धमकी भरा कॉल नहीं मिला है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इलाके में बहुत सारा कबाड़ भी जमा था। पेंट या अन्य सामग्री से धमाका होने की भी संभावना है। उन्होंने कबाड़ डीलरों को लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। धीमान ने संदिग्ध लोगों या गतिविधि की रिपोर्ट करने की अपील की।
(पीटीआई और संवाददाता के इनपुट पर आधारित)

लेखक के बारे में
Krishna Bihari Singhलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




