हिमाचल में भारी बारिश से मणिमहेश यात्रा स्थगित, इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण 149 सड़कें बंद हो गई हैं। रास्ता खराब होने से श्री मणिमहेश यात्रा 25 अगस्त तक स्थगित कर दी गई है। चंबा, कांगड़ा और मंडी में भारी बारिश का अलर्ट है।

himachal pradesh weather and mausam update
हिमाचल में भारी बारिश के कारण श्री मणिमहेश यात्रा स्थगित कर दी गई है।

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भारी बारिश के कारण विख्यात श्री मणिमहेश यात्रा को 25 अगस्त तक स्थगित कर दिया गया है। चंबा जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया है। यात्रा मार्ग पर तोस के गोठ के पास बारिश से रास्ता खराब हो गया है। इस हिस्से की मरम्मत का काम जारी है। उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने श्रद्धालुओं से 25 अगस्त तक यात्रा मार्ग पर जाने से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

IMD ने अगले 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों के विभिन्न हिस्सों में गरज चमक के साथ भारी से ज्यादा भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उना, बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू और शिमला जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ जोरदार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

अगले 6 दिन तक कैसा रहेगा मॉनसून?

इस बीच हिमाचल प्रदेश में अगले 6 दिन तक मॉनसून के सामान्य रहने की संभावना है। IMD ने 24 से 29 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है, लेकिन इस अवधि में भारी, बहुत भारी या अत्यधिक भारी बारिश को लेकर किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में बादलों के बरसने के आसार तो हैं, लेकिन फिलहाल मौसम के बड़े खतरे की आशंका नहीं है।

मणिमहेश यात्रा 25 अगस्त तक सस्पेंड

हिमाचल के चंबा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा को 25 अगस्त तक स्थगित कर दिया गया है। यात्रा मार्ग पर तोस के गोठ के पास भूस्खलन और बारिश की वजह से रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया है। इसकी मरम्मत का काम प्रशासन द्वारा तेजी से किया जा रहा है। उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 25 अगस्त तक इस मार्ग पर यात्रा न करें और जारी निर्देशों का पालन करें।

26 अगस्त से यात्रा शुरू करने की तैयारी

उपायुक्त ने बताया कि मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति अनुकूल रहने पर 26 अगस्त से मणिमहेश यात्रा फिर शुरू की जाएगी। संबंधित विभागों को रास्ते की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। भारी बारिश के दौरान पहाड़ी रास्तों पर फिसलन, भूस्खलन और रास्ता खराब होने का खतरा बना रहता है।

मार्ग पर नहीं जाने की अपील

इसी को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा स्थगित रहने की अवधि में मार्ग पर नहीं जाने का आग्रह किया है। मणिमहेश की ओर श्रद्धालुओं की अनौपचारिक आवाजाही आधिकारिक यात्रा से पहले शुरू हो जाती है। इस साल आधिकारिक यात्रा 4 सितंबर से 19 सितंबर 2026 तक होगी।

पंजीकरण जरूरी, हड़सर में होगी मेडिकल जांच

आधिकारिक यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पंजीकरण अनिवार्य है। यात्रा के दौरान पंजीकरण रसीद का प्रिंटआउट साथ रखना होगा। एक मोबाइल नंबर से अधिकतम पांच लोगों के लिए एक आवेदन किया जा सकता है। भरमौर क्षेत्र में बीएसएनएल, जियो और एयरटेल की सेवाएं उपलब्ध हैं, हालांकि कई जगह नेटवर्क कमजोर हो सकता है।

रजिस्ट्रेशन की सलाह

इंटरनेट की धीमी गति या ओटीपी नहीं मिलने की समस्या से बचने के लिए श्रद्धालुओं को भरमौर पहुंचने से पहले पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है। हड़सर बेस कैंप में मेडिकल जांच होगी और अस्वस्थ पाए जाने वाले व्यक्ति को यात्रा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। 75 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति के अस्वस्थ पाए जाने पर भी उन्हें यात्रा की अनुमति नहीं होगी।

भरमौर से 21 किलोमीटर दूर है मणिमहेश झील

मणिमहेश झील चंबा जिले की बुद्धिल घाटी में भरमौर से करीब 21 किलोमीटर दूर लगभग 13 हज़ार फीट की ऊंचाई पर स्थित है। इसके ऊपर कैलाश पर्वत की चोटी है, जिसकी ऊंचाई करीब 18,564 फीट बताई जाती है। भगवान शिव को इस तीर्थ का अधिष्ठाता देवता माना जाता है। हड़सर से मणिमहेश तक जाने वाले मार्ग में धनछो प्रमुख पड़ाव है, जहां श्रद्धालु आमतौर पर ठहरते हैं। झील से करीब एक किलोमीटर पहले गौरी कुंड और शिव क्रोत्री स्थित हैं, जिनका धार्मिक महत्व है। श्रद्धालु यहां स्नान के बाद मणिमहेश झील की ओर जाते हैं।

भूस्खलन के कारण 149 सड़कें बंद

मौसम विभाग के अनुसार; 24 अगस्त को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 25 से 27 अगस्त तक अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि 28 और 29 अगस्त को भी छिटपुट बारिश हो सकती है। इस बीच बीती रात और आज सुबह हुई भारी बारिश से हिमाचल प्रदेश में जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार दोपहर तक भूस्खलन के कारण 149 सड़कें बंद थीं।

1,121 करोड़ का नुकसान

इनमें मंडी की 86, कुल्लू की 31, शिमला की 10 तथा चंबा और कांगड़ा की आठ-आठ सड़कें शामिल हैं। मंडी में पिछले 24 घंटों में 111.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कांगड़ा में 89 और सुंदरनगर में 71 मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश से 60 बिजली ट्रांसफार्मर और 35 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं। राज्य में 30 जून से शुरू हुए मानसून सीजन में बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 224 लोगों की मौत हुई है और करीब 1,121 करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन है।

रिपोर्ट- यूके शर्मा

Krishna Bihari Singh

लेखक के बारे में

Krishna Bihari Singh

कृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )


संक्षिप्त विवरण

कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।

रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।

पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़हिमाचल में भारी बारिश से मणिमहेश यात्रा स्थगित, इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट