हिमाचल के मंडी में महाशिवरात्रि पर सड़क हादसा; गहरी खाई में गिरी जीप, 3 युवकों की मौत
हिमाचल में मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र में रविवार तड़के हुए एक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। महाशिवरात्रि के दिन हुए इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र में रविवार तड़के हुए एक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। शिवरात्रि के दिन हुए इस भीषण हादसे में 19 वर्षीय ऋतिक ठाकुर, 17 वर्षीय सुनील और 18 वर्षीय ईशान की मौत हो गई, जबकि 18 वर्षीय कुशाल गंभीर रूप से घायल है और उसका नेरचौक स्थित मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा रविवार सुबह करीब 4 बजे लम्बाथाच-कलहनी सड़क पर लम्बाथाच से लगभग 6 किलोमीटर आगे हुआ। जीप (HP 65 5148) में चार युवक सवार थे। अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी युवक सराज के केलोधार और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिवरात्रि जैसे पावन पर्व के दिन हुई इस दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट : यूके शर्मा
हिमाचल के किन्नौर में कल चार लोगों की हुई थी मौत
भाषा के मुताबिक, इससे पहले कल 14 फरवरी को भी हिमाचल के किन्नौर में गहरी खाई में कार के गिरने से महिला और उसके बेटे सहित चार लोगों की मौत हो गई थी और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने शनिवार को बताया था कि बचाव दल स्थानीय लोगों के साथ जानी गांव के पास घटनास्थल पर पहुंचा, जहां से उन्होंने शवों को बरामद किया और घायल व्यक्ति को बचाया। पुलिस ने बताया कि उन्हें दुर्घटना के बारे में सूचना सुबह करीब 9:20 बजे मिली।
किन्नौर के एसपी सुशील कुमार ने बताया कि कार में सवार 5 में से 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। इस हादसे में कृष्णा (42), उनके बेटे हिमेश कुमार (19), सुषमा (47) और इंदर लाल (30) की मौत हो गई। विद्या कृष्ण (32) को इलाज के लिए तापरी स्थित जेएसडब्ल्यू अस्पताल ले जाया गया। ये सभी किन्नौर जिले के जानी गांव के रहने वाले थे।
इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला प्रशासन को मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान करने और घायल व्यक्ति को सर्वोत्तम उपचार दिलाने का निर्देश दिया।
यहां जारी एक बयान में सुक्खू ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें।
लेखक के बारे में
Praveen Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


