उच्च शिक्षा के दौरान जिन्हें अबतक मिलता था 40% वेतन, अब उन्हें मिलेगी पूरी सैलरी; CM सुक्खू ने दी खुशखबरी
प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए सरकार का विजन साझा करते हुए सुक्खू ने आगे कहा कि 'रोजगार के नए अवसर सुनिश्चित करने के लिए नियमित स्टाफ नर्स पदों के साथ-साथ असिस्टेंट स्टाफ नर्स के नए पद भी बनाए जाएंगे।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी-अपनी फील्ड में उत्कृष्ट काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने उच्च शिक्षा की पढ़ाई कर रही स्टाफ नर्सों को एक बड़ी खुशखबरी देते हुए पढ़ाई के दौरान उन्हें पूरा वेतन देने की घोषणा भी की। जबकि इससे पहले तक इस दौरान उन्हें वेतन का सिर्फ 40 प्रतिशत हिस्सा ही दिया जाता था। इसके साथ ही सीएम ने चिकित्सा शिक्षा विभाग में 80 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती प्रक्रिया अगले महीने शुरू होने की जानकारी भी दी। इसके अलावा उन्होंने बताया कि राज्य सरकार आउटसोर्स बेसिस पर नियुक्तियां खत्म करना चाहती है, क्योंकि इससे युवाओं का शोषण होता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CM सुक्खू ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में अगले एक साल के अंदर बड़े सुधार होंगे, और आने वाले सालों में नौकरी के कई नए मौके बनेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार तेजी से सुधार ला रही है और हेल्थ सेक्टर में हाई-एंड टेक्नोलॉजी दे रही है।
राज्यभर के मेडिकल कॉलेजों में लगाई जा रही एडवांस मशीनें
हिमाचल के मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य भर के सभी मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी सिस्टम और एडवांस्ड MRI मशीनें लगाई जा रही हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि विदेश में रोजगार तलाशने वाले युवाओं के लिए राज्य सरकार ने एक 'ओवरसीज रिक्रूटमेंट डिपार्टमेंट' बनाया है, जो उनके रिकॉर्ड और सुरक्षा का ध्यान रखेगा।
स्टाफ नर्स के साथ असिस्टेंट स्टाफ नर्स के पद भी बनाए जाएंगे
प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए सरकार का विजन साझा करते हुए सुक्खू ने आगे कहा कि 'रोजगार के नए अवसर सुनिश्चित करने के लिए नियमित स्टाफ नर्स पदों के साथ-साथ असिस्टेंट स्टाफ नर्स के नए पद भी बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नर्सों की भर्ती भी बैच-वार की जा रही है। आगे उन्होंने कहा कि सरकार ने एक ओवरसीज़ रिक्रूटमेंट विभाग भी स्थापित किया है, जो नौकरी के लिए विदेश जाने वाले युवाओं का पूरा रिकॉर्ड रखेगा।
'आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ काम कर रहीं'
मुख्यमंत्री ने कहा कि 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया और नर्सिंग स्कॉलर सोसाइटी ने इस मौके पर शिमला में यह वर्कशॉप आयोजित की। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं में 57.5 प्रतिशत चुने हुए प्रतिनिधि महिलाएं हैं, जो राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की बेटियां लगातार आगे बढ़ रही हैं और कड़ी मेहनत से अपने लक्ष्य हासिल कर रही हैं।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


