6% ब्याज के साथ पेंशन और बकाया जारी करें, हिमाचल के पूर्व विधायकों के मामले में HC का आदेश

लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
Follow us on Google News
share

हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने पूर्व विधायकों की पेंशन से जुड़े मामले में अहम आदेश देते हुए कहा कि पूर्व विधायकों को उनकी देय पेंशन और बकाया राशि एक माह के भीतर जारी की जाए। अदालत ने स्पष्ट किया है कि तय समय के भीतर भुगतान नहीं होने पर बकाया राशि पर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा।

COURT

हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने पूर्व विधायकों की पेंशन से जुड़े मामले में अहम आदेश देते हुए विधानसभा सचिव को निर्देश दिए हैं कि पात्र पूर्व विधायकों को उनकी देय पेंशन और बकाया राशि एक माह के भीतर जारी की जाए। अदालत ने स्पष्ट किया है कि तय समय के भीतर भुगतान न होने पर बकाया राशि पर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा।

मामले की सुनवाई के दौरान विधानसभा सचिव की ओर से अदालत को जानकारी दी गई कि राज्य सरकार द्वारा पहले लाया गया वर्ष 2024 का संशोधन विधेयक वापस ले लिया गया है। इसके बाद विधानसभा ने एक नया संशोधन विधेयक पारित किया है, जिसमें यह प्रावधान किया गया है कि यदि कोई विधायक 14वीं विधानसभा या उसके बाद निर्वाचित होकर संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अयोग्य घोषित होता है तो उसे पेंशन का लाभ नहीं मिलेगा। हालांकि, यह नया प्रावधान केवल भविष्य के लिए लागू होगा।

नया संशोधन विधेयक अभी राज्यपाल के पास लंबित

कोर्ट को यह भी बताया गया कि जिन पूर्व विधायकों ने पेंशन के लिए याचिका दायर की थी वे 12वीं और 13वीं विधानसभा के सदस्य रहे हैं। इसलिए वे नए संशोधन के दायरे में नहीं आते और उन्हें अपने पूर्व कार्यकाल की पेंशन का अधिकार बना रहेगा। कोर्ट को यह भी अवगत कराया गया कि नया संशोधन विधेयक अभी राज्यपाल की मंजूरी के लिए लंबित है।

नियमित पेंशन भी समय पर जारी करने का आदेश

इन तथ्यों को ध्यान में रखते हुए हाई कोर्ट ने विधानसभा सचिव को निर्देश दिए कि संबंधित पूर्व विधायकों को उनकी देय पेंशन और बकाया राशि एक महीने के भीतर जारी की जाए। अदालत ने यह भी कहा कि भविष्य में मिलने वाली नियमित पेंशन भी समय पर जारी की जाए। यदि तय अवधि के भीतर बकाया राशि जारी नहीं की जाती है तो उस पर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देना होगा।

अन्य आवेदनों का भी निपटारा

इस आदेश के साथ अदालत ने मामले से संबंधित लंबित अन्य आवेदनों का भी निपटारा कर दिया। हाई कोर्ट के आदेश के बाद भाजपा प्रवक्ता आशीष शर्मा ने कहा कि अदालत के फैसले से स्पष्ट हो गया है कि कानून भविष्य के लिए बनाए जाते हैं न कि किसी के खिलाफ बदले की भावना से। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने करीब दो वर्षों तक पूर्व विधायकों को परेशान किया और उनकी पेंशन रोकी गई, लेकिन अब कोर्ट के आदेश से उन्हें न्याय मिला है। आशीष शर्मा ने इसे कानून के शासन और लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत बताया।

क्रॉस वोटिंग के बाद संशोधन विधेयक लाई थी सुक्खू सरकार

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में फरवरी 2024 में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग का मामला सामने आया था, जब कांग्रेस के छह विधायकों ने भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के बाद भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने इन विधायकों को दल बदल कानून के तहत अयोग्य घोषित कर दिया था। इसी घटनाक्रम के बाद प्रदेश सरकार विधानसभा में एक संशोधन विधेयक लेकर आई थी।

संशोधन विधेयक में प्रावधान किया गया था कि यदि कोई सदस्य दल बदल के कारण अयोग्य घोषित होता है तो उसे पेंशन का अधिकार नहीं मिलेगा और उसके पहले के विधायक कार्यकाल की पेंशन भी समाप्त कर दी जाएगी। हालांकि यह विधेयक विधानसभा से पारित होने के बाद राज्यपाल और राष्ट्रपति के पास भेजा गया था, लेकिन इसे स्वीकृति नहीं मिली और वापस लौटा दिया गया। इसके बाद प्रदेश सरकार ने इस विधेयक को वापस ले लिया था।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।