Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़Cracks appear in Shimla 6-story building and hotel many families and tourists removed at midnight
शिमला के 6 मंजिला मकान-होटल में आईं दरारें, आधी रात को सड़क पर 15 परिवार व पर्यटक

शिमला के 6 मंजिला मकान-होटल में आईं दरारें, आधी रात को सड़क पर 15 परिवार व पर्यटक

संक्षेप:

हिमाचल प्रदेश के शिमला की सर्द रात में जब शहर गहरी नींद में सो रहा था, तब उपनगर ढली से सटे चलौंठी इलाके में लोग अपने घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए। शुक्रवार देर रात एक 6 मंजिला रिहायशी मकान की दीवारों में अचानक गहरी दरारें उभर आईं।  

Jan 10, 2026 09:06 am ISTPraveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share Share
Follow Us on

हिमाचल प्रदेश के शिमला की सर्द रात में जब शहर गहरी नींद में सो रहा था, तब उपनगर ढली से सटे चलौंठी इलाके में लोग अपने घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए। शुक्रवार देर रात एक 6 मंजिला रिहायशी मकान की दीवारों में अचानक गहरी दरारें उभर आईं। हालात इतने गंभीर थे कि प्रशासन और पुलिस ने एहतियातन उस मकान और एक होटल को तुरंत खाली करवा दिया। इस मकान में रहने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं समेत 15 परिवार कड़ाके की ठंड में आधी रात को सड़क पर आ गए।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

परवाणू से शिमला के लिए बन रहे फोरलेन प्रोजेक्ट के अंतिम चरण में शिमला से केथलीघाट तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके तहत शिमला के उपनगर ढली तक सड़क चौड़ी की जा रही है और भट्ठाकुफर से चलौंठी तक लंबी टनल बनाई जा रही है। बताया जा रहा है कि जिस मकान में दरारें आईं और जिसे खाली कराया गया, वह इसी टनल के ऊपर स्थित है।

ये भी पढ़ें:हिमाचल में गरीबों का भी होगा पक्का मकान, 27715 परिवारों को घर देगी सुक्खू सरकार

मकान में कुल 15 परिवार रहते थे

स्थानीय लोगों के अनुसार, चलौंठी बाईपास पर स्थित यह 6 मंजिला मकान अनंतराम का है। इसमें मकान मालिक सहित कुल 15 परिवार रहते थे। मकान के साथ-साथ ढली–संजौली बाईपास सड़क पर भी दरारें दिखाई दीं। इसके बाद देर रात ही इस सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। सुरक्षा के लिहाज से मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई।

तीन दिन हल्की दरारें दिखनी शुरू हो गई थीं

मकान में रहने वाले किरायेदारों का कहना है कि तीन दिन पहले दीवारों पर हल्की दरारें दिखनी शुरू हो गई थीं। लोगों ने इस खतरे को लेकर फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी और जिला प्रशासन को शिकायत दी थी। कंपनी के कर्मचारी मौके पर आए और दरारें देखने के बाद यह कहते हुए लौट गए कि फिलहाल भवन को कोई बड़ा खतरा नहीं है, लेकिन शुक्रवार को अचानक दरारें तेजी से बढ़ने लगीं, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

देर रात मकान खाली करने को कहा गया, लेकिन लोगों के ठहरने का कोई इंतजाम नहीं किया गया। रात 11:30 बजे तक परिवार अपने बच्चों और बुजुर्गों के साथ सड़क पर बैठे नजर आए। सूचना मिलते ही एडीएम पंकज शर्मा रात करीब 11 बजे मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

ये भी पढ़ें:'चिट्टा' से निपटने को हिमाचल सरकार ने बनाई 3-चरणीय योजना, CM ने बताया पूरा प्लान

एक होटल को भी खाली कराया

खतरे की जद में सिर्फ रिहायशी मकान ही नहीं आया, पास ही में स्थित एक होटल को भी खाली कराया गया। देर रात होटल में ठहरे पर्यटकों को बाहर निकाला गया, जिससे वे भी शिमला की कड़ाके की ठंड में परेशान होते रहे।

और भी मकानों पर संकट के बादल

स्थानीय लोगों का गुस्सा प्रशासन और पुलिस पर भी फूट पड़ा। उनका कहना है कि खतरे की जानकारी पहले ही दे दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का आरोप है कि टनल निर्माण के दौरान हो रही लगातार कंपन से मकानों की नींव कमजोर हो रही है। चलौंठी और आसपास का इलाका घनी आबादी वाला है, जहां कई बहुमंजिला मकान बने हैं। लोगों को डर है कि यदि काम इसी तरह चलता रहा तो और भी मकान खतरे में आ सकते हैं।

पिछले साल एक पांच मंजिला मकान ढह गया था

यह पहली बार नहीं है जब ढली–भट्ठाकुफर इलाके में फोरलेन टनल को लेकर सवाल उठे हों। पिछले साल 30 जून को भट्ठाकुफर में एक पांच मंजिला मकान ढह गया था। उस समय भी आरोप लगे थे कि फोरलेन निर्माण के लिए की गई गलत कटिंग इसकी वजह बनी। उस मकान का मुआवजा अब तक जारी नहीं हो पाया है। इसके अलावा 22 नवंबर को भट्ठाकुफर बाजार की सड़क भी धंस गई थी जो टनल के ठीक ऊपर बनी है।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।