सीएम सुक्खू ने कांगड़ा को दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात, सुलह की महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपए
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कांस्टेबल भर्तियों में अग्निवीर योजना के तहत सेवा देने के बाद घर लौटे युवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे युवाओं को हिमाचल प्रदेश पुलिस में शामिल किया जाएगा और 58 साल की उम्र तक स्थिर रोजगार प्रदान किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गुरुवार को कांगड़ा जिले के सुलह विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे, यहां उन्होंने इलाके को 76.41 करोड़ रुपए की 14 विकास परियोजनाओं का उपहार दिया। साथ ही उन्होंने यहां रहने वाली सभी योग्य महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए उन्हें 'इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि' योजना के तहत 1,500 रुपए की वित्तीय सहायता देने की बड़ी घोषणा भी की।
अपने निर्वाचन क्षेत्र के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सामाजिक सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कई कल्याण, विकास और रोजगार पहलों की घोषणा भी की। इस दौरान उन्होंने सुलह में हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड (HPSEB) का एक डिवीजन खोलने और भवारना शहर को नगर पंचायत में अपग्रेड करने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री ने इलाके को दी इन विकास कार्यों की सौगात
सुक्खू ने हमीरपुर-सुजानपुर-थुरल-मरंडा रोड पर मोअल खड्ड पर 12.57 करोड़ रुपए की लागत से बने डबल-लेन पुल और 3.57 करोड़ रुपए की लागत से बनी मालाग-मलाहा लिंक रोड पर बने पुल का उद्घाटन किया। उन्होंने धीरा में 10.82 करोड़ रुपए की लागत से बनी एक संयुक्त ऑफिस बिल्डिंग का भी उद्घाटन किया और धीरा में 5.02 करोड़ रुपए की लागत से बने कम्युनिटी हेल्थ सेंटर भवन को लोगों को समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने खरूल में 16 लाख रुपए, भोडा में 15 लाख रुपए और कोना में 25 लाख रुपए की लागत से बने स्वास्थ्य उप-केंद्र भवनों को भी समर्पित किया। इसके अलावा उन्होंने मूंडी में 89 लाख रुपए की लागत से बने एक पशु चिकित्सालय भवन और 49 लाख रुपए की लागत से बने एक पशु औषधालय भवन का उद्घाटन भी किया।
सीएम ने गल्लू भोडा से शिवनगर सड़क पर मौल खड्ड पर 2.87 करोड़ रुपए के पुल और चौधरी तारा चंद सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गग्गल में 2 करोड़ रुपए से बनने वाले अतिरिक्त परिसर की आधारशिला भी रखी।
कांगड़ा एयरपोर्ट के लिए उचित मुआवजा देने की घोषणा
इस मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जिले के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार चल रहा है, और प्रभावित लोगों को उनकी जमीन के लिए उचित मुआवजा दिया जाएगा। सुक्खू ने आगे कहा कि हवाई अड्डे के विस्तार से क्षेत्र में आर्थिक समृद्धि आएगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिससे युवाओं को छोटी-छोटी नौकरियां करने के लिए भी दिल्ली या चंडीगढ़ जैसे महानगरों में पलायन करने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।
सुक्खू बोले- कांस्टेबल भर्ती में अग्निवीरों को मिलेगी प्राथमिकता
रोजगार सृजन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए सुक्खू ने कहा कि पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर भर्ती की जा रही है और राज्य सरकार जल्द ही 800 पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती करेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इन भर्तियों में अग्निवीर योजना के तहत सेवा देने के बाद घर लौटे युवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे युवाओं को हिमाचल प्रदेश पुलिस में शामिल किया जाएगा और 58 साल की उम्र तक स्थिर रोजगार प्रदान किया जाएगा, साथ ही पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ भी दिया जाएगा।
सीएम बोले- भाजपा सरकार की गलती से हो रहा राजस्व का नुकसान
इसके आगे सुक्खू ने कहा कि शिक्षकों की खाली जगहें भरी जा रही हैं, क्लास 1 से इंग्लिश-मीडियम शिक्षा शुरू की गई है, और 200 से ज़्यादा स्कूलों को CBSE करिकुलम में बदला जा रहा है। इस दौरान पूर्व भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार को मौजूदा सरकार से करीब 50,000 करोड़ रुपए ज़्यादा फंड मिला था, लेकिन वह उसका सही इस्तेमाल नहीं कर पाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने 1,000 करोड़ रुपए खर्च करके इमारतें बनाईं जो कि आज भी खाली पड़ी हैं, साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बद्दी में जिन बड़े उद्योगपतियों को कस्टमाइज्ड पैकेज के तहत बहुत कम कीमतों पर करीब 5,000 बीघा ज़मीन अलॉट की गई थी, उसकी वजह से भी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है।
उन्होंने साफ किया कि मौजूदा सरकार सेक्शन 118 में कोई बदलाव नहीं कर रही है, जो कि राज्य में गैर-किसानों (बाहरी लोगों) को खेती की जमीन की बिक्री, गिफ्ट या ट्रांसफर करने पर रोक लगाता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस बारे में जानबूझकर गलत जानकारी फैलाई जा रही है।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


