
शिमला में होने वाली निजी बसों की हड़ताल पर बड़ा अपडेट, जानिए सोमवार को बसें चलेंगी या नहीं
यूनियन अध्यक्ष रूप लाल ठाकुर ने कहा था कि संघ की प्रमुख मांग 2011 की उस अधिसूचना को लागू करवाने की है, जिसके तहत 40 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर आने वाली बसों को शहर में प्रवेश नहीं देना चाहिए।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में निजी बस ऑपरेटरों ने रविवार शाम अपनी प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने का फैसला किया है। अब सोमवार से शहर में सभी निजी बसें सामान्य रूप से चलेंगी। यह निर्णय शिमला सिटी प्राइवेट बस ऑपरेटर संघ और निजी बस चालक-परिचालक यूनियन की RTO शिमला, HRTC के अतिरिक्त निदेशक और अन्य अधिकारियों के साथ हुई बैठक में लिया गया। बैठक में दोनों पक्षों के बीच कई मांगों को लेकर सहमति बनी।

बैठक में तय हुआ कि 40 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर आने वाली बसों को शहर की सीमा में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। अन्य लंबित मांगों को सरकार के पास भेजा जाएगा और उन पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। शिमला सिटी निजी बस ऑपरेटर संघ के महासचिव सुनील चौहान ने बताया कि सरकार और विभाग ने सकारात्मक रवैया दिखाया है। इसके बाद संघ ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है।
इससे पहले निजी बस ऑपरेटरों ने 13 अक्तूबर सोमवार को एक दिन की हड़ताल का ऐलान किया था। यूनियन ने आरोप लगाया था कि सरकार लगातार निजी बस ऑपरेटरों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। यूनियन अध्यक्ष रूप लाल ठाकुर ने कहा था कि HRTC को बढ़ावा देने की नीति के चलते निजी ऑपरेटरों की स्थिति खराब हो चुकी है। डीजल की बढ़ती कीमतें, टैक्स का बोझ और रूट परमिट में असमानता के कारण कई ऑपरेटर घाटे में बसें चला रहे हैं।
रूप लाल ठाकुर ने कहा था कि संघ की प्रमुख मांग 2011 की उस अधिसूचना को लागू करवाने की है, जिसके तहत 40 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर आने वाली बसों को शहर में प्रवेश नहीं देना चाहिए। उनका कहना था कि इस नियम को लागू न करने से शिमला शहर में बाहरी बसों की भीड़ बढ़ रही है, जिससे जाम और आर्थिक नुकसान दोनों की समस्या बनी रहती है।
बता दें कि शिमला शहर में निजी बसों का नेटवर्क सबसे व्यापक है और रोजाना हजारों यात्री इन्हीं बसों पर निर्भर रहते हैं। हड़ताल की घोषणा से शहरवासियों को काफी परेशानी का अंदेशा था, लेकिन देर शाम संघ के हड़ताल वापस लेने के फैसले से राहत मिली है। बैठक में HRTC के CGM पंकज सिंघल, DM शिमला देवासेन नेगी और RTO शिमला मौजूद रहे।
अब सोमवार को उपनगरों ढली, संजौली, टुटू, समरहिल, न्यू शिमला और शोघी सहित सभी रूटों पर निजी बसें सामान्य रूप से चलेंगी। हड़ताल खत्म होने से आम जनता, कर्मचारी और विद्यार्थी सभी ने राहत की सांस ली है।
रिपोर्ट : यूके शर्मा

लेखक के बारे में
Sourabh Jainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




