खाई में गिरी बोलेरो में लगी आग, चालक समेत 3 की मौत; हिमाचल में दर्दनाक हादसा
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बालीधार के पास शान्दल क्षेत्र में एक बोलेरो कैम्पर गहरी खाई में गिर गई और उसमें आग लग गई। इस दुर्घटना में चालक सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक पुरुष घायल हो गए।

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बालीधार के पास शान्दल क्षेत्र में एक बोलेरो कैम्पर गहरी खाई में गिर गई और उसमें आग लग गई। इस दुर्घटना में चालक सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक पुरुष घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार थाना रामपुर को शाम करीब 5:30 बजे सूचना मिली कि बालीधार के पास सड़क से नीचे एक वाहन गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घटनास्थल पर सड़क से करीब 200 से 250 मीटर नीचे एचपी-92-3945 नंबर की बोलेरो कैम्पर क्षतिग्रस्त हालत में मिली। इसमें आग लगने के निशान भी पाए गए।
जांच में सामने आया कि वाहन में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। इनमें तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही चालक कपिल देव (41) निवासी गांव चिकसा, डाकघर देवठी, तहसील रामपुर, पुष्पा देवी (67) और उर्मिला देवी (40), दोनों निवासी गांव मझाली, डाकघर देवठी, तहसील रामपुर की मौत हो चुकी थी।
हादसे में राकेश कुमार (39) निवासी चिकसा और लीला देवी (41) घायल पाए गए। घायल महिला को पहले ही उपचार के लिए अस्पताल रामपुर भेज दिया गया था, जबकि अन्य घायल को भी बाद में अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों का इलाज जारी है।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद तीनों शवों को खाई से सड़क तक पहुंचाया। पुलिस के अनुसार शव आग की वजह से आंशिक रूप से झुलसे हुए थे। इसके बाद शवों को एंबुलेंस और सरकारी वाहन के माध्यम से नागरिक अस्पताल रामपुर ले जाया गया, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद रामपुर क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जता रहे हैं।
रिपोर्ट : यूके शर्मा
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


