हिमाचल के सिरमौर में बस खाई में गिरी, 14 लोगों की मौत, 52 घायल; PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

Jan 10, 2026 11:42 am ISTPraveen Sharma नाहन, भाषा
share Share
Follow Us on

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शुक्रवार दोपहर एक प्राइवेट बस के 500 फुट गहरी खाई में गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई और लगभग 52 अन्य यात्री घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि बस शिमला से राजगढ़ होते हुए कुपवी जा रही थी।

हिमाचल के सिरमौर में बस खाई में गिरी, 14 लोगों की मौत, 52 घायल; PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शुक्रवार दोपहर एक प्राइवेट बस के 500 फुट गहरी खाई में गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई और लगभग 52 अन्य यात्री घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई, जब शिमला से राजगढ़ होते हुए कुपवी जा रही बस हरिपुरधार गांव के पास सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी और पलट गई। बस में 39 लोगों के बैठने की व्यवस्था थी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने घटना के प्रति शोक व्यक्त किया और कहा, “मैं इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल व्यक्तियों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”

पीएम मोदी ने भी जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में बस दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि अत्यंत दुखद है। अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।”

उन्होंने कहा कि घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है। मोदी ने कहा, “प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।”

पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दुर्घटना में हुई जन हानि पर दुख व्यक्त किया। एक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान करें और घायलों की सर्वोत्तम चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करें।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, हिमाचल विधानसभा में विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर और भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष राजीव बिंदल, शिमला से भाजपा सांसद सुरेश कश्यप और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया। उद्योग मंत्री व शलाई विधानसभा क्षेत्र से स्थानीय विधायक हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि जिला प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है और ददाहू, संगड़ाह और नाहन के अस्पतालों में मेडिकल टीमें तैयार हैं। विधायक ने कहा कि दुर्घटना का कारण अब तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया।

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों को शक है कि बस चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और इस वजह से सड़क से फिसलकर वह खाई में जा गिरी।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोगों को बचाव कार्य में मदद करते और बस के मलबे से घायलों को निकालने की कोशिश करते देखा जा सकता है।

स्थानीय लोगों बचाव कार्य में की मदद

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट गए और पुलिस को सूचना दी। जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य अधिकारी भी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

हरिपुरधार निवासी और भाजपा राज्य कार्य समिति के सदस्य बलबीर चौहान ने कहा कि स्थानीय लोगों ने कठिन परिस्थितियों में गहरी खाई से यात्रियों को बचाने का सराहनीय कार्य किया है।

मुकेश अग्निहोत्री और चौहान दुर्घटना में घायल हुए लोगों से मिलने के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।