ये व्यायाम घटाएंगे आंखों की नसों का तनाव
हम सबसे ज्यादा काम आंखों से लेते हैं पर उनकी सेहत के प्रति हमारी जागरुकता अक्सर कम होती है। शरीर के दूसरे अंगों के व्यायाम की तरह आंखों का व्यायाम जरूरी है। हम आपको तीन व्यायाम बता रहे हैं, जिन्हें...
हम सबसे ज्यादा काम आंखों से लेते हैं पर उनकी सेहत के प्रति हमारी जागरुकता अक्सर कम होती है। शरीर के दूसरे अंगों के व्यायाम की तरह आंखों का व्यायाम जरूरी है। हम आपको तीन व्यायाम बता रहे हैं, जिन्हें दिन में दो बार करके आप आंखों की नसों का तनाव घटा सकते हैं।
आई रोल-
सीधे बैठ जाएं और सामने देखें, कंधे आराम की अवस्था में रहेंगे। अपनी गर्दन मोड़े बिना अपने दाएं ओर देखें। अब धीरे-धीरे अपने आंखों को कमरे की छत की ओर ले जाएं। फिर अपने बाएं ओर आंखों को घुमाते हुए जमीन की ओर ले जाएं। अब आई रोल की यह प्रक्रिया दायीं ओर से करें। दिन में दो बार इसे दस-दस बार करें।
स्लो ब्लिंक-
कुर्सी पर बैठ जाएं और गर्दन सीधी रखें पर कंधे आराम की अवस्था में रहेंगे। अब सामने की खाली दीवार पर नजर ले जाएं। अब आंखें बंद करें और आधा सेकंड तक इसी अवस्था में रहकर फिर आंखें खोलें। इस व्यायाम को दिन में दो बार दस-दस बार करें।
फोकस चेंज-
अपनी आंखों से दस इंच की दूरी पर अपनी तर्जनी उंगली को रखकर इसपर फोकस करें। अब अपने चेहरे से उंगली को आगे की ओर ले जाएं, फोकस उंगली पर ही रहेगा। अब इससे फोकस को हटाकर दूर स्थित किसी वस्तु पर केंद्रित करें। अब अपनी उंगली पर ध्यान ले जाएं और धीरे-धीरे उंगली को चेहरे के करीब लाएं। अब फिर से उंगली से फोकस हटाकर दूर स्थित किसी वस्तु पर केंद्रित करें।
कंप्यूटर पर काम करने के बाद 20-20 एक्टिविटी करें-
हम सभी मोबाइल और कंप्यूटर स्क्रीन पर लगातार देखते रहते हैं, जिससे आंखों की मांसपेशियों में तनाव आ जाता है। साथ ही पानी भी निकलने लगता है। इससे बचने के लिए 20-20 एक्टिविटी को याद रखें। इसमें आपको ध्यान रखना है कि स्क्रीन आंखों से 20 इंच दूरी पर हो और काम करने के हर 20 मिनट बाद आपको 20 फीट की दूरी पर रखी चीजों को 20 सेकंड तक देखना है। इस व्यायाम से आंखों की मांसपेशियों को आराम मिलता है और तनाव, सिरदर्द में भी लाभ होता है। ध्यान रहे कि कमरे की रोशनी व स्क्रीन की चमक बराबर हो। विशेषज्ञ मानते हैं कि फोकस से जुड़े ये व्यायाम दिन में दो से तीन बार किए जाएं तो सिरदर्द और नींद न आने जैसी समस्याओं ने निजात मिलेगा।