फोटो गैलरी

Hindi Newsआंध्र प्रदेश में 16 लोगों की मौत का कारण बना नकली सेनेटाइजर

आंध्र प्रदेश में 16 लोगों की मौत का कारण बना नकली सेनेटाइजर

आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में शराब का विकल्प समझकर सेनेटाइजर पीने से कम से कम 16 लोगों की मौत के कारण का पता चल गया है। इन लोगों ने जिस सेनेटाइजर को पीया वह नकली था और उसे खतरनाक केमिकल मेथेनॉल से...

आंध्र प्रदेश में 16 लोगों की मौत का कारण बना नकली सेनेटाइजर
एजेंसी,अमरावतीWed, 12 Aug 2020 04:23 PM
ऐप पर पढ़ें

आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में शराब का विकल्प समझकर सेनेटाइजर पीने से कम से कम 16 लोगों की मौत के कारण का पता चल गया है। इन लोगों ने जिस सेनेटाइजर को पीया वह नकली था और उसे खतरनाक केमिकल मेथेनॉल से बनाया गया था। हालांकि लोगों ने सेनेटाइजर को एथेनॉल निर्मित समझकर पीया था। 

नकली सेनेटाइजर के अवैध वितरण में लिप्त 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी। जान गंवाने वाले सभी लोग शराब के नशे के आदी थे। पिछले महीने विभिन्न तिथियों पर कोविड-19 के चलते लागू लॉकडाउन के मद्देनजर प्रकाशम जिले के कुरीचेडू में शराब की नियमित दुकानें बंद थीं। इसके कारण लोगों ने शराब के विकल्प के रूप में सेनेटाइजर को पीना शुरू कर दिया। 

प्रकाशम के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ कौशल ने मंगलवार को कहा कि जिला पुलिस की एक विशेष जांच टीम ने पाया कि 'परफेक्ट गोल्ड' नामक एक विशेष सेनेटाइजर मौत का कारण बना। यह सेनेटाइजर एथेनॉल के बजाय विषाक्त मेथेनॉल से बना था। 

तेलंगाना में विकराबाद जिले के एस श्रीनिवास उर्फ जाजुला नाम के एक व्यक्ति ने हैदराबाद शहर में एक किराए के कमरे से अपने भाई शिव कुमार के साथ मिलकर अवैध रूप से सेनेटाइजर बनाया और इसे विभिन्न माध्यमों से बेचना शुरू कर दिया।
 
आठ में सात ब्रांड सही-
 कुरीचेडू में शराब के आदती रिक्शा चालकों, कुछ भिखारियों और अन्य गरीब लोगों द्वारा आठ ब्रांड के सेनेटाइजर का सेवन किया गया था। एसपी ने कहा कि जांच के दौरान सात अन्य ब्रांड का भी परीक्षण किया गया और उन्हें सही पाया गया। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें