
सुंदर बच्चों से जलन, अपने बेटे को भी नहीं छोड़ा; हरियाणा की ‘किलर मां’ ने फैलाई दहशत, अरेस्ट
पूनम ने बताया कि वह उन बच्चों से जलती थी जो उसके बेटे से ज्यादा सुंदर दिखते थे। वह नहीं चाहती थी कि परिवार में कोई उससे या उसके बच्चे से ज्यादा आकर्षक हो। वह रिश्तेदारों के सुंदर बच्चों को देखते ही हैवान बन जाती थी।
हरियाणा के पानीपत जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 34 वर्षीय महिला ने जलन और विकृत मानसिकता के चलते अपने ही तीन साल के बेटे समेत चार मासूम बच्चों की हत्या कर दी। आरोपी महिला पूनम ने कबूल किया है कि वह केवल उन बच्चों को निशाना बनाती थी जो उसके अपने बच्चे से 'ज्यादा सुंदर और आकर्षक' दिखते थे। पुलिस ने मंगलवार को उसे गिरफ्तार किया और पूछताछ में उसने सभी हत्याओं का कबूलनामा दे दिया। यह मामला एक शादी समारोह के दौरान छह साल की एक बच्ची की संदिग्ध मौत से शुरू हुआ, जिसकी तह तक पहुंचने पर पुरानी हत्याओं का खुलासा हुआ।
पुलिस ने खुलासा किया है कि 34 वर्षीय पूनम नाम की महिला पिछले दो साल में चार बच्चों की हत्या कर चुकी है- इनमें उसका खुद का तीन वर्षीय बेटा भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, पूनम ने पूछताछ में बताया है कि उसे उन बच्चों को मारने की “उलझन भरी इच्छा” होती थी जो उसे अपने बच्चों से अधिक सुंदर लगते थे।
शादी में मिली बच्ची की लाश, खुला खौफनाक राज
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक,1 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली कि नौल्था गांव में शादी के दौरान छह वर्षीय बच्ची विधि एक प्लास्टिक के टब में डूबी मिली है। बच्ची का शव पहले मंजिल पर मौजूद स्टोर रूम में, टब में चेहरे के बल पड़ा हुआ मिला। केवल उसका सिर पानी में था, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा था।
मौके पर पहुंचे फॉरेंसिक दल ने जांच की और पोस्टमॉर्टम के दौरान हत्या की आशंका मजबूत हुई। बच्ची के दादा पल सिंह की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
कैसे मिला शव
रात को जब बारात निकलने वाली थी, तभी बच्ची के लापता होने का पता चला। परिवार ने पूरी रात तलाश की। सुबह विधि की दादी ऊपर गई तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। खोलने पर भीतर टब में बच्ची मृत पड़ी थी। उसे तुरंत इसराना मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पूछताछ में टूटी पूनम, खुला 4 हत्याओं का सच
पुलिस ने शादी में मौजूद सभी लोगों से पूछताछ की। रिश्ते में विधि की मौसी लगने वाली पूनम से बात करते हुए पुलिस को उसके बयान संदिग्ध लगे। जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो पूनम टूट गई और उसने न सिर्फ विद्धि की बल्कि कुल चार हत्याओं का खुलासा किया। उसका पैटर्न एक जैसा था- सभी को टब या पानी की टंकी में डुबोकर मारना।
पुलिस के मुताबिक मरने वाले बच्चे कौन थे?
- इशिका (9 वर्ष) - भाभी की बेटी, जनवरी 2023, भावर गांव में पानी की टंकी में डुबोया।
- शुभम (3 वर्ष) - ईशिका की हत्या के बाद पूनम को डर सताने लगा कि कहीं उसके तीन साल का बेटा शुभम ने कुछ देखा तो न हो। संदेह से बचने के लिए उसने 2023 में ही शुभम को भी उसी टैंक में डुबो दिया। परिवार ने दोनों मौतों को दुर्घटना मान ली।
- जिया (6 वर्ष) - पूनम अपने मायके सिवाह गांव गई, जहां चचेरे भाई की छह साल की बेटी जिया को उसने 'अपने बेटे से ज्यादा सुंदर' मानकर प्लास्टिक टब में डुबो दिया। यह मौत भी दुर्घटना के रूप में दर्ज हो गई।
- विधि (6 वर्ष) - नौल्था में शादी के दौरान टब में डुबोकर हत्या।
परिवार को तीनों पहले मामलों में लगा था कि ये सभी दुर्घटनाएं थीं। किसी ने भी हत्या की आशंका नहीं जताई थी।
क्या है आरोपी के मन में?
पुलिस के अनुसार, पूनम ने बताया कि उसे ऐसे बच्चों से जलन होती थी जो उसे अपने बच्चों से ज्यादा सुंदर लगते थे। पुलिस यह भी जांच रही है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है या पूरी तरह से अपराधी प्रवृत्ति के साथ योजना बनाकर हत्याएं कर रही थी।
परिवार सदमे में, गांव में दहशत
भावर गांव का किसान परिवार स्तब्ध है। आरोपी का दूसरा बेटा, जो चार साल का है, वह परिवार की निगरानी में है। गांव में दहशत का माहौल है क्योंकि सभी हत्याओं को पहले महज दुर्घटना मान लिया गया था। पानीपत एसपी भूपेंद्र सिंह ने पुष्टि की कि आरोपी ने चार हत्याओं की बात स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि मामले की वैज्ञानिक व मनोवैज्ञानिक दोनों स्तरों पर जांच कराई जा रही है। पूनम को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब हर हत्या की घटनाओं की पुनः जांच कर रही है ताकि पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें।

लेखक के बारे में
Amit Kumarलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




