पंजाब चुनाव से पहले जेल से बाहर आएगा गुरमीत राम रहीम, 3 सप्ताह की मिली छुट्टी
पंजाब चुनाव (Punjab Election 2022) से पहले डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम (Gurmeet Ram Rahim) जेल से बाहर आ रहा है। अपनी दो शिष्यों से बलात्कार के मामले में वर्तमान में रोहतक की...
पंजाब चुनाव (Punjab Election 2022) से पहले डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम (Gurmeet Ram Rahim) जेल से बाहर आ रहा है। अपनी दो शिष्यों से बलात्कार के मामले में वर्तमान में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे राम रहीम को तीन सप्ताह की छुट्टी (फर्लो) (Furlough For Three Weeks) दी गई है। जेल के एक अधिकारी ने अगले तीन सप्ताह के लिए डेरा प्रमुख की रिहाई की पुष्टि की है।
इससे पहले, उसे अपनी बीमार मां से मिलने के लिए सूर्योदय से सूर्यास्त तक कई बार आपातकालीन पैरोल दी गई थी, लेकिन इस बार उसे फर्लो दी गई है। हरियाणा के जेल मंत्री रंजीत सिंह चौटाला ने कहा कि कानून के अनुसार, हर कैदी का फरलो पाने का अधिकार है और यही डेरा प्रमुख पर भी लागू होता है।
राम रहीम की रिहाई को पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है, जहां 20 फरवरी को मतदान होगा। सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा प्रमुख का पंजाब की कई विधानसभा सीटों पर प्रभाव है।
हालांकि, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि गुरमीत राम रहीम को फर्लो देने का किसी चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है, उन्होंने जोर देकर कहा कि डेरा प्रमुख को प्रक्रियाओं के अनुसार, फर्लो मिली है। बॉलीवुड अभिनेता माही गिल और पंजाबी अभिनेता हॉबी धालीवाल के भाजपा में शामिल होने के बाद खट्टर एक मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित कर रहे थे।
खट्टर ने कहा कि चूंकि डेरा प्रमुख ने कम से कम तीन साल की सजा पूरी कर ली है, इसलिए उसने कुछ दिन पहले फर्लो के लिए आवेदन किया था। हरियाणा के सीएम ने कहा कि सब कुछ कानून के अनुसार किया गया है।

लेखक के बारे में
Praveen Sharmaप्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। करीब डेढ़ दशक से हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया का अनुभव भी हासिल कर चुके हैं। एक दशक से भी अधिक लंबा समय वह डिजिटल मीडिया में बिता चुके हैं।
प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी। इसके बाद वह थोड़े समय नेशनल दुनिया अखबार में भी रहे। वहां से निकलकर उन्होंने मार्च 2014 में न्यूज 18 के साथ डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में कदम रखा। वर्ष 2018 में वह लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े।
वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। इन्हें डिजिटल रीडर्स की पसंद और बदलते ट्रेंड्स को समझकर गहराई और सटीकता के साथ खबरें लिखने का अच्छा खासा अनुभव है। वह सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखते हैं। उन्हें राजनीतिक विषयों पर खबरें लिखने और पढ़ने का शौक है।
प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




