फोटो गैलरी

Hindi News हरियाणाकांग्रेस ट्रैक्टर रैली : हरियाणा सरकार ने दी राहुल गांधी और कांग्रेस के कुछ नेताओं को प्रवेश की अनुमति

कांग्रेस ट्रैक्टर रैली : हरियाणा सरकार ने दी राहुल गांधी और कांग्रेस के कुछ नेताओं को प्रवेश की अनुमति

कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब से सटी हरियाणा की सीमा पर मंगलवार को चले हाई वोल्टेज ड्रामा के बीच हरियाणा के अधिकारियों ने आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कुछ पार्टी नेताओं की रैली...

कांग्रेस ट्रैक्टर रैली : हरियाणा सरकार ने दी राहुल गांधी और कांग्रेस के कुछ नेताओं को प्रवेश की अनुमति
पिहोवा (कुरुक्षेत्र)। पीटीआई Tue, 06 Oct 2020 05:26 PM
ऐप पर पढ़ें

कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब से सटी हरियाणा की सीमा पर मंगलवार को चले हाई वोल्टेज ड्रामा के बीच हरियाणा के अधिकारियों ने आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कुछ पार्टी नेताओं की रैली को भाजपा शासित राज्य में प्रवेश करने की अनुमति दे दी।

पटियाला के सन्नौर में अपनी आखिरी रैली को समाप्त करने के बाद राहुल गांधी ने अपनी "खेत बचाओ यात्रा" के समापन के दिन हरियाणा की सीमा तक पहुंचने के लिए ट्रैक्टर चलाया। उनके साथ ट्रैक्टर पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ और पार्टी के वरिष्ठ नेता हरीश रावत भी मौजूद थे।

पंजाब के पटियाला जिले से कई कांग्रेसी कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ जा रहे थे, लेकिन रैली को पिहोवा सीमा पर स्थित तोकर गांव के पास राजमार्ग पर एक घंटे के लिए रोक दिया गया।

राहुल गांधी के पंजाब-हरियाणा सीमा पर पहुंचने से पहले मौके पर मौजूद हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने संवाददाताओं से कहा कि वे COVID-19 प्रतिबंधों के कारण दिशानिर्देशों के अनुसार एक स्थान पर 100 से अधिक लोगों को इकट्ठा नहीं होने देंगे।

राहुल गांधी और कुछ कांग्रेस नेताओं को बाद में हरियाणा में प्रवेश करने की अनुमति दे दी गई, जहां पूर्व कांग्रेस प्रमुख के कुछ कार्यक्रम निर्धारित हैं।

राहुल के साथ रैली में हरियाणा की तरफ से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा, वरिष्ठ नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, किरण चौधरी, अजय सिंह यादव और पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी विवेक बंसल मौजूद हैं।

हरियाणा में राहुल गांधी की ट्रैक्टर रैली के मद्देनजर भाजपा की अगुवाई वाली सरकार ने सोमवार को कहा था कि कांग्रेस नेता राज्य में कुछ लोगों को अपने साथ ला सकते हैं, लेकिन पंजाब से बड़ी भीड़ को लाने की अनुमति नहीं दी जाएगी, जिससे माहौल खराब हो सकता है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा था कि राहुल गांधी को अपने विचार रखने का अधिकार है, लेकिन अगर वह पंजाब से कोई बड़ा जुलूस निकालते हैं, तो हम इसकी अनुमति नहीं देंगे।

वहीं, हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा था कि अगर राहुल गांधी हरियाणा के माहौल को बिगाड़ने के लिए पंजाब से बड़ी भीड़ के साथ आते हैं, तो हम कतई इसकी अनुमति नहीं देंगे।

वहीं, कृषि कानूनों के विरोध में आज हरियाणा के सिरसा में प्रदर्शन कर रहे किसानों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

कृषि से जुड़े 'काले कानून' खाद्य सुरक्षा की व्यवस्था को नष्ट कर देंगे : राहुल

पटियाला में राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कृषि संबंधी तीन 'काले कानूनों से खाद्य सुरक्षा की व्यवस्था नष्ट हो जाएगी। उन्होंने यह दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन कानूनों के जरिए अपने कुछ पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाना चाहते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि ये जो तीनों कानून बनाए गए हैं वो खाद्य सुरक्षा की मौजूदा व्यवस्था को नष्ट करने का प्रयास है।

कांग्रेस नेता के मुताबिक, इन कानूनों से पंजाब और हरियाणा पर सबसे ज्यादा विपरीत असर होगा। उन्होंने कहा कि पहले नोटबंदी की गई और जीएसटी लागू किया गया। इससे छोटे एवं मध्यम कारोबार नष्ट हो गए। सरकार ने कोई मदद नहीं की। गांधी ने कहा कि देश में खाद्य सुरक्षा की एक व्यवस्था है। अगर यह टूट गई तो सिर्फ किसानों को नहीं, बल्कि सभी लोगों को नुकसान होगा। विपक्ष के कमजोर होने की धारणा से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि जब पूरे संस्थागत ढांचे को नियंत्रण में ले लिया गया है तो ऐसे में यह कहना उचित नहीं है कि विपक्ष कमजोर है। उन्होंने दावा किया कि देश की आत्मा पर जबरन कब्जा कर लिया गया है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें