फोटो गैलरी

Hindi News हरियाणाहरियाणा का नारनौल रहा सबसे ठंडा स्थान, पंजाब में भी सर्दी का सितम जारी

हरियाणा का नारनौल रहा सबसे ठंडा स्थान, पंजाब में भी सर्दी का सितम जारी

हरियाणा और पंजाब में सर्दी और शीतलहर का सितम जारी है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच हरियाणा के नारनौल में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विज्ञान विभाग के...

हरियाणा का नारनौल रहा सबसे ठंडा स्थान, पंजाब में भी सर्दी का सितम जारी
चंडीगढ़। लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 25 Dec 2019 02:19 PM
ऐप पर पढ़ें

हरियाणा और पंजाब में सर्दी और शीतलहर का सितम जारी है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच हरियाणा के नारनौल में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले दो दिनों तक ठंड का कहर जारी रहने का अनुमान है।

गुरुग्राम के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा

बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए शिक्षा विभाग ने गुरुवार को गुरुग्राम जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। शिक्षा निदेशालय से सख्ती से इस आदेश की पालना करने के लिए कहा है।

नारनौल सामान्य के मुकाबले दो डिग्री तक अधिक ठंडा रहा। हिसार में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से कम 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल (छह डिग्री से.), रोहतक (पांच डिग्री से.), भिवानी (5.7 डिग्री से.), सिरसा (6.1 डिग्री से.) और अंबाला (5.5 डिग्री से.) समेत कई अन्य स्थानों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है।

वहीं, पंजाब में फरीदकोट सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री से. दर्ज किया गया। लुधियाना (5.5 डिग्री से.), पटियाला (5.8 डिग्री से.), बठिंडा (5.9 डिग्री से.), हलवारा (5.8 डिग्री से.), आदमपुर (7.2 डिग्री से.) और अमृतसर (6.5 डिग्री से.) में भी रात को बहुत ठंड रही। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री से. दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा और पंजाब के ज्यादातर स्थानों पर सुबह के समय कोहरा छाया रहा। अधिकारी ने बताया कि चंडीगढ़ समेत दोनों राज्यों के अधिकतर स्थानों में एक सप्ताह से दिन का तापमान भी सामान्य से छह से नौ डिग्री कम रह रहा है और यह 11 से 14 डिग्री से. के बीच दर्ज किया जा रहा है।

यहां के एक बुजुर्ग निवासी बलदेव सिंह ने बताया कि यहां इन दिनों बहुत ठंड पड़ रही है क्योंकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान तेजी से गिर रहे हैं। मैंने पिछले कुछ वर्षों में इतनी ठंड नहीं देखी। कोहरे से स्थिति और खराब हो गई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें