IPS अफसर पूरन की खुदकुशी केस की जांच करेगी SIT, 6 लोगों का दल गठित; टीम में कौन-कौन?

IPS अफसर पूरन की खुदकुशी केस की जांच करेगी SIT, 6 लोगों का दल गठित; टीम में कौन-कौन?

संक्षेप:

हरियाणा के भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या मामले में पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर और रोहतक के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया सहित 14 अफसरों के खिलाफ गुरुवार देर रात प्राथमिकी दर्ज की गयी।

Oct 10, 2025 05:02 pm ISTPramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान, चंडीगढ़
share

हरियाणा के भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी वाई. पूरन कुमार की कथित खुदकुशी की जांच के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। चंडीगढ़ के आईजी पुष्पेंद्र कुमार को इस SIT का प्रमुख नियुक्त किया गया है। उनकी टीम में कुल 6 लोग होंगे। इससे पहले वाई पूरन कुमार की आत्महत्या मामले में हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर और रोहतक के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया सहित 14 अफसरों के खिलाफ गुरुवार देर रात प्राथमिकी दर्ज की गई है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

चंडीगढ़ पुलिस ने यह कदम तब उठाया, जब नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में पदस्थापित रेजिडेंट कमिश्नर डी. सुरेश की अगुवाई में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदाय के प्रतिनिधियों ने चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और इस मामले की निष्पक्ष और एक निश्चित समय सीमा के अंदर जाँच की माँग की। इस प्रतिनिधिमंडल के मुलाकात के कुछ घंटों बाद ही चंडीगढ़ पुलिस ने SIT गठन का ऐलान किया है।

read moreये भी पढ़ें:
कौन हैं हरियाणा के DGP शत्रुजीत कपूर, IPS वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में घिरे

टीम में कौन-कौन?

डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, चंडीगढ़ के सेक्टर 11 (पश्चिम) पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज FIR संख्या 156/2025 की जाँच के लिए SIT का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व आईजी पुष्पेंद्र कुमार करेंगे। उनके अलावा इस टीम में एसएसपी (यूटी) कंवरदीप कौर, एसपी (सिटी) केएम प्रियंका, डीएसपी (यातायात) चरणजीत सिंह विर्क, एसडीपीओ (दक्षिण) गुरजीत कौर और इंस्पेक्टर जयवीर सिंह राणा (एसएचओ, पीएस -11) सदस्य होंगे।

त्वरित और गहन जाँच करने के निर्देश

ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस टीम को साक्ष्य संकलन, गवाहों की जाँच, विशेषज्ञों की राय और कानूनी सलाह सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए त्वरित, निष्पक्ष और गहन जाँच करने के निर्देश दिए गए हैं। डीजीपी ने प्रतिनिधिमंडल को निष्पक्ष जाँच और एसआईटी के तत्काल गठन का आश्वासन दिया है।

read moreये भी पढ़ें:
IPS की पत्नी ने सुसाइड नोट में जिक्र अधिकारियों पर दर्ज कराया केस, आगे क्या?

परिजनों ने 15 अधिकारियों पर आरोप लगाए

बता दें कि चंडीगढ़ पुलिस ने आईपीएस अफसर की सुसाइड नोट के आधार पर सेक्टर-11 थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108, 3(5) और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अधिनियम की धारा 3 (1) (आर) के तहत प्राथमिकी क्रमांक 156 दर्ज की है। पूरन कुमार के परिजनों ने 15 अधिकारियों पर आरोप लगाये थे, जिनमें मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी का नाम भी शामिल था, लेकिन प्राथमिकी में उनका नाम नहीं जोड़ा गया है। यह पहली बार है जब हरियाणा में पुलिस महानिदेशक सहित इतने वरिष्ठ अधिकारियों कि खिलाफ इस तरह का मामला दर्ज किया गया है।

2001 बैच के आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार ने मंगलवार को कथित तौर पर चंडीगढ़ स्थित अपने घर में आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है,जिसमें कई अधिकारियों पर उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। उस नोट में नौकरी का तनाव, मानसिक उत्पीड़न और असंतोष का भी जिक्र किया गया है।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen
भूगोल में पीएचडी और पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर उपाधि धारक। ईटीवी से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार पत्रकारिता करियर की शुरुआत। कई हिंदी न्यूज़ चैनलों (इंडिया न्यूज, फोकस टीवी, साधना न्यूज) की लॉन्चिंग टीम का सदस्य और बतौर प्रोड्यूसर, सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में काम करने के बाद डिजिटल पत्रकारिता में एक दशक से लंबे समय का कार्यानुभव। जनसत्ता, एनडीटीवी के बाद संप्रति हिन्दुस्तान लाइव में कार्यरत। समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक जगत के अंदर की खबरों पर चिंतन-मंथन और लेखन समेत कुल डेढ़ दशक की पत्रकारिता में बहुआयामी भूमिका। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और संपादन। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।