रोहतक में गैंगवार: भाऊ गैंग ने सन्नी रिटौली गैंग के दिनेश गोगा को गोलियां से किया छलनी
रोहतक में देर शाम हुए गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक दिनेश गोगा रिटौली गैंग से संबंध रखता था। आईजी ऑफिस में महज 100 मीटर की दूरी पर खड़े दिनेश के ऊपर हत्यारों ने अंधाधुंध फायरिंग की, इससे उसमें एक दर्जन से ज्यादा गोलियां लगी और उसकी तुरंत ही मौत हो गई।

हरियाणा के रोहतक में देर शाम हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। भाऊ गैंग ने सन्नी रिटौली गैंग के दिनेश गोगा की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतक दिनेश गोगा सोनीपत के फरमाना माजरा गांव का रहने वाला था। उस पर हत्या व हत्या के प्रयास सहित कई क्रिमिनल केस दर्ज हैं। मृतक की गांव रिटौली में रिश्तेदारी है। यह वारदात आईजी ऑफिस से मात्र 100 मीटर दूर हुई है। करीब एक माह पहले रिटौली गांव में सन्नी और भाऊ गैंग में गैंगवार हुई थी, जिसमें भाऊ गैंग के एक बदमाश की जान गई थी। कई घायल हुए थे। इस ताजा घटना को उसी का बदला माना जा रहा है।
निजी अस्पताल के बाहर बरसाई गोलियां, मौके पर मौत
रोहतक के दिल्ली बाईपास स्थित नोबल हार्ट अस्पताल के सामने सोमवार देर शाम स्कूटी पर सवार होकर आए 2 अज्ञात बदमाश आए और यहां खड़े दिनेश गोगा पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। उसे 12 से ज्यादा गोलियां लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज घटना से मौके पर अफरी-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
चार दिन पहले मुठभेड़ में पकड़ा गया था भाऊ गैंग का गुर्गा
चार दिन पहले वीरवार तड़के रोहतक की सीआईए-1 और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में हिंमाशु भाऊ गैंग से जुड़ा एक इनामी बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया था। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत के रहने वाले शातिर अपराधी मोहन उर्फ मोनू के रूप में हुई थी। सीआईए-1 की टीम ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से करीब 7-8 राउंड फायरिंग हुई। इस मुठभेड़ में मोहन के दोनों पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। जिसके बाद वह बाइक से गिर गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मोहन 19 दिसंबर 2025 को गांव रिटोली में शराब के ठेके पर हुई फायरिंग की घटना में भी शामिल था।
गांव रिटोली में शराब के ठेके पर दोनों गैंग में चली थी गोलियां
19 दिसंबर 2025 को रोहतक के गांव रिटोली में शराब के ठेके पर हुई फायरिंग हुई थी। दो गुटों सन्नी रिटोलिया गैंग और हिमांशु भाऊ रिटोलिया गैंग के बीच पुरानी रंजिश के चलते भारी गोलीबारी हुई थी। सन्नी रिटोलिया गांव में शराब का ठेका चलाता है। हमलावर उसे निशाना बनाने पहुंचे थे। जैसे ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू की, सन्नी और उसके साथियों ने भी जवाबी गोलीबारी की। उस घटना में दोनों ओर से करीब 40 राउंड फायरिंग हुई थी। घटना में सन्नी रिटोलिया के साथी दीपक को दो गोलियां लगी थीं, जबकि हिमांशु भाऊ गैंग के तीन गुर्गे भी घायल हुए थे। इनमें से एक की मौत हो गई थी।
रिपोर्ट: मोनी देवी

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




