आपकी बेटी को भी 15 मिनट के लिए… रेप मामले में नर्स से ये क्या कह गईं महिला आयोग प्रमुख? बड़ा बवाल

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

बयान के बाद नर्स भड़क गई हैं। पूरे हरियाणा का नर्सिंग स्टाफ सड़कों पर उतर आया। एसोसिएशन की अपील पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक डॉक्टरों और नर्सों ने कामकाज ठप रखा। ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लग गईं।

आपकी बेटी को भी 15 मिनट के लिए… रेप मामले में नर्स से ये क्या कह गईं महिला आयोग प्रमुख? बड़ा बवाल

हरियाणा में राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया के एक बयान से बवाल मच गया है। यहां कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश सिविल अस्पताल में भर्ती एक 15 साल की लड़की से ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर द्वारा रेप के बाद रेणु भाटिया ने आपत्तिजनक बयान दिया है। इसके बाद नर्सों का गुस्सा भड़क गया है।

जानकारी के मुताबिक 7 जून को रेणु भाटिया ने हॉस्पिटल का दौरा किया तो इस दौरान उन्होंने प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर डॉ. सारा अग्रवाल समेत ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग स्टाफ को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने एक नर्स से पूछा, “क्या आपकी भी बेटी है?” नर्स के हां में जवाब देने पर कथित तौर पर रेणु भाटिया ने कहा, क्या आप अपनी बेटी को 15 मिनट के लिए भी किसी कमरे में अकेला छोड़ सकती हैं? फिर इस बच्ची को अकेला कैसे छोड़ दिया गया?”

नर्सों ने बुलाई हड़ताल

महिला आयोग अध्यक्ष के इस बयान को नर्सिंग एसोसिएशन ने आत्मसम्मान पर चोट माना है। कुरुक्षेत्र में सोमवार को डॉक्टरों और नर्सों ने कामकाज बंद कर दिया था। अब मंगलवार को यह हड़ताल राज्यव्यापी आंदोलन में बदल गई। मंगलवार को हरियाणा का नर्सिंग स्टाफ सड़कों पर उतर आया। एसोसिएशन की अपील पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक डॉक्टरों और नर्सों ने कामकाज ठप रखा, जिससे ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लग गईं।

ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्स फेडरेशन इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी के दरबार में पहुंच गई है। फेडरेशन ने सीएम को बकायदा एक लिखित शिकायत भेजकर महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया को तत्काल प्रभाव से उनके पद से बर्खास्त करने की मांग उठाई है। हालांकि भाटिया पहले ही कह चुकी हैं कि वे माफी नहीं मांगेंगीं। उन्होंने कहा है कि गलती नर्सिंग ऑफिसर्स की है।

नर्सिंग स्टाफ की भावना को ठेस पहुंचाने का आरोप

पंचकूला में फॉर्मासिस्ट एसोसिएशन ने भी हड़ताल को समर्थन दिया है। एसोसिएशन की प्रदेश प्रधान विनीता का कहना है कि नर्सिंग स्टाफ के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाई गई है। महिला आयोग अध्यक्ष को भी समझना चाहिए कि सामने नर्सिंग ऑफिसर भी महिलाएं ही हैं, जिनकी सार्वजनिक तौर पर बेइज्जती की गई।

डॉक्टर ने ओपीडी के कमरे में किया था बच्ची से रेप

बीती 29 मई को कुरुक्षेत्र के एक गांव की 15 साल की लड़की अपने बीमार पिता को अस्पताल में भर्ती कराने आई थी। पिता के दाखिले के बाद लड़की के पेट में भी अचानक दर्द हुआ। वहां तैनात डॉक्टर शैली ने जांच के बाद महिला वार्ड में भर्ती कर लिया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी डॉक्टर शैली ने लड़की को ओपीडी के एक सुनसान कमरे में ले जाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। जब पीड़िता को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा तो उसे आनन-फानन में इमरजेंसी में शिफ्ट किया गया, जहां उसने सीनियर डॉक्टरों को अपने साथ हुई इस दरिंदगी के बारे में बताया। भेद खुलते ही आरोपी डॉक्टर शैली अस्पताल छोड़कर भाग निकला। 31 मई को कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी थाने में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसकी सेवाएं तुरंत समाप्त कर दीं। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

रिपोर्ट: मोनी देवी

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।