
भारतीय छात्र की ब्रिटेन में चाकू मारकर हत्या, परिवार वालों को हरियाणा-पंजाब के व्यक्ति पर शक
विजय के भाई रवि कुमार बधरा उपमंडल के जग्रामबास गांव में रहते हैं। उन्होंने विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर भाई के शव को अंतिम संस्कार के लिए तत्काल सहायता मुहैया कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस घटना से हमारा परिवार टूट गया है।
ब्रिटेन में 30 वर्षीय भारतीय शख्स विजय कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वह हरियाणा में चरखी दादरी जिले के बधरा उपमंडल के निवासी थे। विजय ने 2025 की शुरुआत में सेंट्रल बोर्ड ऑफ एक्साइज एंड कस्टम्स की नौकरी से इस्तीफा दिया और यूके में हायर एजुकेशन के लिए आवेदन किया था। वह कोच्चि में अपनी आखिरी पोस्टिंग पर तैनात थे, जब उन्होंने सरकारी नौकरी छोड़ी थी। ब्रिटिश पुलिस ने इस घटना के बारे में कोई डिटेल जारी नहीं किया है। हरियाणा में विजय का परिवार आशंका जता रहा है कि इस अपराध में हरियाणा या पंजाब का कोई व्यक्ति शामिल हो सकता है।
विजय के भाई रवि कुमार बधरा उपमंडल के जग्रामबास गांव में रहते हैं। उन्होंने विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर भाई के शव को अंतिम संस्कार के लिए तत्काल सहायता मुहैया कराने की मांग की है। रवि ने कहा, 'इस घटना से हमारा परिवार पूरी तरह से टूट गया है। हम MEA से अपील करते हैं कि मेरे भाई का शव अंतिम संस्कार के लिए वापस लाने में हमारी मदद करें। यूके में जटिल कानूनी औपचारिकताओं और दस्तावेजों के कारण हम खुद से यह मैनेज नहीं कर पा रहे हैं।' उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी मदद की अपील की है।
शव को तत्काल भारत लाने की मांग
चरखी दादरी के विधायक सुनील सतपाल सांगवान ने इस मामले को सार्वजनिक रूप से उठाया है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने सदमे का इजहार किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अन्य अधिकारियों से विजय के शव को तत्काल भारत लाने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। सांगवान ने लिखा, 'चरखी दादरी जिले में जग्रामबास गांव के भारतीय छात्र विजय कुमार शोरन की यूके में क्रूर चाकू हत्या कर दी गई। इस घटना से गहरा सदमा और दुख पहुंचा है। मैं भारत सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने और शोकाकुल परिवार को हर संभव समर्थन प्रदान करने का आग्रह करता हूं।'

लेखक के बारे में
Niteesh Kumarलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




