Congress leader Himani Narwal Murder Case Family refuses to accept body mother suspects people associated with the party कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल हत्याकांड: परिवार का शव लेने से इनकार, मां ने पार्टी से जुड़े लोगों पर जताया शक, Haryana Hindi News - Hindustan
Hindi Newsहरियाणा न्यूज़Congress leader Himani Narwal Murder Case Family refuses to accept body mother suspects people associated with the party

कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल हत्याकांड: परिवार का शव लेने से इनकार, मां ने पार्टी से जुड़े लोगों पर जताया शक

  • हिमानी की मां सविता और भाई जतिन ने पहले तो पोस्टमार्टम से ही मना कर दिया था लेकिन पुलिस अधिकारियों के काफी मनाने के बाद वे तैयार हुए लेकिन जब पोस्टमार्टम हो गया तो उन्होंने शव लेने से साफ मना कर दिया।

Madan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, चंडीगढ़Sun, 2 March 2025 08:35 PM
share Share
Follow Us on
कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल हत्याकांड: परिवार का शव लेने से इनकार, मां ने पार्टी से जुड़े लोगों पर जताया शक

हरियाणा के रोहतक में 22 वर्षीया कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल की हत्या के बाद आज शव का पोस्टमॉर्टम हुआ। तीन डॉक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। लेकिन पोस्टमॉर्टम के बाद भी हिमानी के परिजन शव लेने के लिए नहीं आए। पुलिस अधिकारी उनके घर जाकर भी परिजनों को मनाने की कोशिश की, लेकिन हिमानी की मां सविता और भाई जतिन का कहना है कि वे तब तक बेटी का शव नहीं लेंगे जब तक हत्या के आरोपी पकड़े न जाएं। कल हिमानी की लाश रोहतक के सांपला बस स्टैंड पर एक सूटकेस में मिली थी। 22 वर्षीय कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल का आज 5 महीने से हिमानी रोहतक में विजयनगर स्थित अपने पुश्तैनी मकान में अकेली रह रही थी।

हिमानी की मां सविता और भाई जतिन ने पहले तो पोस्टमार्टम से ही मना कर दिया था लेकिन पुलिस अधिकारियों के काफी मनाने के बाद वे तैयार हुए लेकिन जब पोस्टमार्टम हो गया तो उन्होंने शव लेने से साफ मना कर दिया। उन्होंने कहा कि वे दो शर्तों पर शव लेंगे। हत्यारे पकड़ लिए गए हों या फिर कांग्रेस का कोई बड़ा नेता विश्वास दिलाए कि उनकी बेटी को न्याय दिलाया जाएगा। वहीं, रोहतक के कांग्रेसी विधायक भारत भूषण बत्रा हिमानी नरवाल के घर पहुंचे। उन्होंने सविता नरवाल की पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा से फोन पर बात करवाई। हुड्डा ने उन्हें हर संभव कार्रवाई का भरोसा दिया।

मां ने कांग्रेस से जुड़े किसी व्यक्ति पर जताया शक

हिमानी नरवाल की मां सविता नरवाल ने अपनी बेटी की हत्या को गहरी साजिश बताते हुए कांग्रेस पार्टी से जुड़े किसी व्यक्ति पर शक जताया है। सविता ने कहा कि हमें लगता है कि इसमें कांग्रेस पार्टी से जुड़ा कोई व्यक्ति शामिल हो सकता है। राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' के बाद से ही वह कुछ लोगों की आंखों में खटक रही थी। कुछ लोग सोचते थे कि वह इतनी जल्दी कैसे आगे बढ़ गई। सविता नरवाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा की पत्नी आशा हुड्डा को भी यह पता था, बत्रा को भी और हुड्डा को भी इसकी जानकारी है। वह चुनाव के दौरान रात 2 बजे तक काम करती थी, लेकिन आज कोई हमारे पास नहीं आया। मैंने आशा हुड्डा को कॉल किया, लेकिन उन्होंने फोन तक नहीं उठाया। सविता नरवाल ने बताया कि 27 फरवरी को शाम 4 बजे तक हिमानी उनके साथ थी। इसके बाद वह दिल्ली चली गई और रात में उससे दोबारा बात हुई। उसने कहा कि अगले दिन भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कार्यक्रम है, इसलिए वह बिजी रहेगी इसके बाद दोपहर 3 बजे पुलिस स्टेशन से फोन आया और वारदात का पता चला।

हुड्डा बोले- एसपी से बात की, इंसाफ दिलाएंगे

पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में बढ़ता अपराध, खासतौर पर महिलाओं के विरुद्ध वारदातें गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी की हत्या के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था पर एक बार गंभीर सवाल उठ रहे हैं। कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र नारायणगढ़ में भी एक बसपा नेता की हत्या हुई थी। इससे पहले बहादुरगढ़ में इनैलो नेता और हांसी में जजपा नेता की हत्याएं हो चुकी हैं। प्रदेश में आधा दर्जन से ज्यादा विधायक फिरौती की वारदातों के शिकार हो चुके हैं। कानून व्यवस्था का इस कद्र दिवाला पिट चुका है कि खुद भाजपा के नेता और पुलिस वाले भी सुरक्षित नहीं हैं। हुड्डा ने कहा कि हमने हिमानी हत्याकांड को लेकर एस.पी. से बात कर बात की है। पुलिस व सरकार पीड़ित परिवार के लिए जल्द न्याय सुनिश्चित करे। कांग्रेस पार्टी दुख की इस घड़ी में हिमानी के परिवार संग खड़ी है।

कांग्रेस वालों की ये पुरानी आदत: अनिल विज

वहीं, हिमानी नरवाल हत्या मामले में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि हिमानी की मां ने कांग्रेस पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। यह बहुत ही गंभीर मामला है। कांग्रेस के लोग पहले भी ऐसा करते रहे हैं। आगे बढ़ने के लिए दूसरों को पीछे धकेलना इनकी पुरानी आदत है। पुलिस इसकी गहराई से जांच कर रही है। जो भी इस मामले की सच्चाई होगी, उसे अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।

रिपोर्ट: मोनी देवी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।