इंडिगो की वडोदरा-दिल्ली फ्लाइट में हुई बत्ती गुल, आधे घंटे अंधेरे में पसीना बहाते रहे 160 यात्री
इंडिगो एयरलाइंस की वडोदरा से दिल्ली आने वाली फ्लाइट संख्या 6E 657में टेकऑफ से पहले ही बिजली सप्लाई ठप हो गई। इस दौरान अंधेरा होने और एसी नहीं चलने के कारण फ्लाइट में सवार 160 यात्रियों का पसीना बहाते देखा गया।

इंडिगो एयरलाइन के वडोदरा से दिल्ली जाने वाले एक विमान के उड़ान भरने से पहले उसमें बिजली सप्लाई ठप होने के कारण करीब 160 यात्रियों को रविवार रात लगभग आधे घंटे तक अंधेरे में बैठना पड़ा। इस दौरान एसी नहीं चलने के कारण यात्री पसीना बहाते रहे।
सूत्रों के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 657 (वडोदरा-दिल्ली) को रात 8.40 बजे वडोदरा से रवाना होना था। उस समय विमान को ग्राउंड पावर यूनिट (जीपीयू) से बिजली सप्लाई मिल रही थी, लेकिन उसमें तकनीकी खराबी आ गई।
यात्रियों की दिक्कत पर क्या बोले अधिकारी?
एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि इंजीनियरों को जीपीयू में आई खराबी दूर करने में करीब 12-15 मिनट लगे, जबकि विमान में बिजली आपूर्ति बहाल करने में अतिरिक्त 15 मिनट का समय लगा। अधिकारी ने कहा इन 30 मिनट के दौरान विमान के केबिन में पूरी तरह अंधेरा था और एयर कंडीशन सिस्टम बंद होने के कारण यात्री पसीने से भीग गए। उन्होंने बताया कि विमान में करीब 160 यात्री सवार थे।
समस्या का शीघ्र समाधान कर लिया गया
इस बीच, इंडिगो ने सोमवार देर रात जारी बयान में कहा कि 17 मई को वडोदरा से दिल्ली जाने वाली उड़ान 6E 657 तकनीकी खराबी के कारण देरी हुई थी। एयरलाइन के अनुसार, समस्या का शीघ्र समाधान कर लिया गया और विमान बाद में अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया।
क्या होता है जीपीयू?
जीपीयू वह उपकरण होता है, जो विमान के गेट पर खड़े रहने के दौरान उससे जोड़ा जाता है और इंजन या ऑनबोर्ड जनरेटर चालू किए बिना विमान की रोशनी, एवियोनिक्स और वातानुकूलन प्रणाली को बिजली उपलब्ध कराता है।
उड़ानों की निगरानी करने वाली वेबसाइट 'फ्लाइटराडार24 डॉट कॉम' के अनुसार, यह उड़ान रात 8.40 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन एक घंटा 20 मिनट की देरी से रात 10 बजे इसने उड़ान भरी।
लेखक के बारे में
Praveen Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


