कपल ने एक साल में किया 3 मर्डर! नानी की हत्या कर ड्रम में सीमेंट से चुनवा दिया; 4 साल बाद खुलासा
पति और पत्नी ने मिलकर अपने ही परिवार के 3 परिजनों की हत्या कर दी। पत्नी की नानी के शव को ड्रम में भरकर सीमेंट से चुनवा दिया। दोनों के बीच लड़ाई हुई और मामले का खुलासा हो गया।

गुजरात के सूरत में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज के लोगों को भी हिलाकर रख दिया है। दरअसल, साल 2022 में सूरत के एक कपल ने अपने ही परिवार की तीन महिलाओं की पहले हत्या की और उसके बाद लाश को जमीन में गाड़ दिया। एक महिला का शव तो ड्रम में भरकर सीमेंट से चुनवा दिया था। अब मामले का खुलासा होने के बाद पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आइए जानते हैं इस मामले का खुलासा कैसे हुआ।
कैसे खुला मामला
दरअसल, तीन लोगों की हत्याओं में दोनों ही शामिल थे। बीते दिनों किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के बाद पति ने पत्नी की पुलिस में शिकायत की और बताया कि उसने एक हत्या की है। एक हत्या की शिकायत के बाद तीनों हत्याओं का मामला खुल गया और जब पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जमीन खुदवाई तो तीनों के कंकाल बरामद हुए। इसमें से एक कंकाल को ड्रम में भरकर सीमेंट से पैक कर दिया गया था।
कैसे-कैसे की हत्या
दोनों ने मिलकर सबसे पहली हत्या 25 फरवरी, 2022 को की थी। इस दिन पत्नी की टीबी से पीड़ित बहन की तकिए की से दबाकर हत्या कर दी। इसके कुछ महीनों बाद ही 19 जुलाई, 2022 को दोनों ने मिलकर पति की मां की तकिए से दबाकर हत्या कर दी। पति की मां पैरालिसिस से पीड़ित थी। अब आई 7 अक्टूबर, 2022 की तारीख। इस दिन दोनों ने मिलकर पत्नी की नानी की तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद शव को एक ड्रम में रखा और उसके ऊपर से सीमेंट का घोल डालकर शव को पैक कर दिया। चार साल बाद जब मामला खुला तो तीनों के कंकाल बरामद हुए हैं। अब पुलिस पति-पत्नी को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर रही है और हत्या की वजह तलाश रही है।
पत्नी और उसके भाई को फंसाना चाहता था माधवदास
दरअसल पति और पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसका बदला लेने के लिए पति माधवदास साधु ने अपनी पत्नी और उसके भाई को फंसाने के लिए पुलिस को सूचना दी कि सूरत के कोसंबा में 85 साल की एक महिला शांता वसावा की हत्या कर दी गई है और उसके शव को घर के अंदर ही दफना दिया गया है। जानकारी देने वाले ने हत्यारों के नाम भी बताए और कहा कि इसमें उर्मिला और उसका भाई शामिल थे। लेकिन जब पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की तो तीन हत्याओं का खुलासा हो गया। तीनों के कंकाल जमीन में गाड़े गए थे, जिन्हें बरामद कर लिया गया है। इस मामले में उर्मिला के भाई का किसी तरह से शामिल होने का साक्ष्य पुलिस के सामने अभी नहीं आया है।


