'गुजरात में 25% नए चेहरों पर दांव लगाएगी भाजपा', अमित शाह बोले- AAP की मौजूदगी होगा BJP को फायदा
शाह ने कहा, उम्मीदवार की जीतने की क्षमता कैसी है, यही एकमात्र मानदंड है। पार्टी का संसदीय बोर्ड उम्मीदवारों को लेकर अंतिम फैसला करेगा। लेकिन पार्टी कम से कम 25% नए चेहरों को चुनावी मैदान में उतारेगी।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पार्टी आने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव में 25 फीसदी टिकट नए चेहरों को देगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि टिकट देते समय इस बात का ध्यान जरूर रखा जाएगा कि उम्मीदवार की जीत को लेकर क्या स्थिति है।
वडोदरा में मीडियाकर्मियों के साथ अनौपचारिक बातचीत में शाह ने कहा, 'दोबारा टिकट देने या ना देने की कोई तय रणनीति नहीं है। उम्मीदवार की जीतने की क्षमता कैसी है, यही एकमात्र मानदंड है। पार्टी का संसदीय बोर्ड उम्मीदवारों को लेकर अंतिम फैसला करेगा। लेकिन पार्टी कम से कम 25 फीसदी नए चेहरों को चुनावी मैदान में उतारेगी।' शाह के इस बयान के बाद संभावना है कि भाजपा 45 से 46 नए चेहरों को उम्मीदवार बना सकती है।
शाह बोले- AAP के आने से होगा BJP को फायदा
आपको बता दें कि राज्य में विधानसभा की 182 सीटें हैं। 2017 के विधानसभा चुनावों में, भाजपा ने 99 सीटें जीतीं थीं, हालांकि उपचुनावों में जीत के बाद इनकी संख्या बढ़कर 111 हो गई थी। विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को लेकर शाह ने कहा, 'पहले पार्टियों के वोट बांटने के लिए निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में उतरते थे, अब उनकी जगह पर 'आप' आ गई है।' भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि आप, कांग्रेस के वोट काटेगी और जीत का अंतर बढ़ाने में भाजपा को फायदा पहुंचाएगी। शाह के मुताबिक, पिछले चुनावों में भाजपा ने 5,000 से कम अंतर के साथ लगभग 35 सीटें जीती थीं, और अब 2022 के चुनावों में AAP की उपस्थिति के कारण इन 35 सीटों पर जीत का अंतर बढ़ जाएगा। इन सीटों पर जीत का अंतर 8000 से 10,000 बीच होगा।
उत्तरी गुजरात में शाह ने की बैठक
इससे पहले शाह ने सोमवार को उत्तरी गुजरात में स्थित जिलों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं के साथ बैठक की और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। इस बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और प्रदेश भाजपा प्रमुख सी. आर. पाटिल समेत अन्य नेता मौजूद थे। उन्होंने कहा कि उत्तर गुजरात जोन के विधायक, सांसद, पंचायत अध्यक्ष, स्थानीय पार्टी पदाधिकारी और सहकारी समितियों के प्रतिनिधि सहित अन्य भाजपा नेता इस बैठक में शामिल हुए। शाह ने पिछले तीन दिन में तीसरी बार जोन स्तरीय बैठक की है।
आज सौराष्ट्र जोन की बैठक में शामिल होंगे शाह
मंगलवार को शाह सौराष्ट्र जोन की बैठक के लिए गिर सोमनाथ जिले के वेरावल में होंगे। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि इन बैठकों का मकसद 182 सदस्यीय विधानसभा के लिए आगामी चुनाव में 150 सीट जीतने के भाजपा के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को पूरा करने की खातिर सुझाव मांगना और मार्गदर्शन एवं रणनीति तैयार करना है। कांग्रेस ने 1985 के विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड 149 विधानसभा सीट पर जीत हासिल की थी। उत्तरी गुजरात जोन के जिलों में बनासकांठा, महेसाना, साबरकांठा, पाटन, गांधीनगर और अहमदाबाद हैं।
लेखक के बारे में
Vishva Gauravडिजिटल पत्रकारिता एवं रिपोर्टिंग में एक दशक से अधिक का अनुभव। राजनीतिक विषयों पर तात्कालिक टिप्पणी करते हैं। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय से परास्नातक किया है। विश्व गौरव को ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


