गुजरात के कई इलाकों में बदला मौसम, IMD ने 28 जिलों में जारी किया बारिश व तूफान का अलर्ट
अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, पूरे गोवा, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, कर्नाटक के कुछ और हिस्सों, तमिलनाडु के बाकी हिस्सों व अन्य राज्यों के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ेगा।

उत्तर भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर गुजरात में भी दिखाई दे रहा है और इसकी वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। इस दौरान विभाग ने प्रदेश के 28 जिलों में बारिश होने की उम्मीद जताई है साथ ही 40 से 50KMPH की गति से हवा चलने व तूफान आने की आशंका भी जताई है। इसके अलावा विभाग ने अगले कुछ दिन प्रदेश में ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना भी व्यक्त की है।
बीते दिन के मौसम की बात करें तो गुरुवार को उत्तरी गुजरात क्षेत्र में कुछ जगहों पर बारिश हुई, जबकि प्रदेश के अन्य इलाकों जैसे दक्षिणी गुजरात क्षेत्र और सौराष्ट्र-कच्छ में मौसम शुष्क रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान अहमदाबाद में 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शुक्रवार को इन जिलों बारिश व तूफान की संभावना
मौसम विभाग ने शुक्रवार (5 जून) को प्रदेश के बनासकांठा, पाटण, मेहसाणा, साबरकांठा, गांधीनगर, अरावली, खेड़ा, अहमदाबाद, आणंद, पंचमहल, दाहोद, महिसागर, वडोदरा, छोटा उदेपुर, नर्मदा, भरूच, सूरत, डांग, नवसारी, वलसाड, तापी, सुरेंद्रनगर, राजकोट, अमरेली, भावनगर, गिर सोमनाथ, बोटाद और दीव में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की सतही हवा के साथ मध्यम तूफान आने की संभावना जताई है।
अगले तीन दिन इन जिलों में बारिश की जोरदार संभावना
शनिवार (6 जून) को मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है और इस दौरान राज्य के पंचमहल, दाहोद, वडोदरा, छोटा उदेपुर, नर्मदा, सूरत, डांग, तापी, नवसारी, वलसाड, अमरेली, भावनगर और गिर सोमनाथ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश व गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना जताई है। विभाग ने राज्य के बाकी जिलों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान लगाया है।
रविवार (7 जून) के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान अमरेली, भावनगर, गिर सोमनाथ, दीव, नर्मदा, सूरत, डांग, तापी, नवसारी और वलसाड में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान लगाया है। राज्य के बाकी जिलों में मौसम के शुष्क रहने की बहुत संभावना है।
सोमवार (8 जून) को विभाग ने प्रदेश के 6 जिलों अमरेली, भावनगर, डांग, तापी, नवसारी और वलसाड जिलों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना व्यक्त की है। इसके अलावा राज्य के बाकी जिलों में मौसम के शुष्क रहने की उम्मीद जताई है।
मौसम की महत्वपूर्ण परिस्थितियां
गुरुवार का पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) के रूप में बना हुआ है। इसके साथ ही मध्य क्षोभमंडल की पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ (गर्त) भी है, जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर उत्तर में स्थित है।
दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उससे सटे गुजरात क्षेत्र में समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। जिससे इस क्षेत्र में निचले स्तरों पर दक्षिण-पश्चिम से पश्चिम दिशा की हवाएं चल रही हैं। अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


