गुजरात के गांधीनगर में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरा; कई मजदूर फंसे
यह हादसा इलाके में 'द अर्बेनिया' के पास बन रही 'बॉसी द एम्पायर स्कीम' में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत व बचाव कार्य में जुटी गई।
गुजरात में गांधीनगर के कुडासन इलाके में बुधवार की रात एक निर्माणाधीन इमारत का कुछ हिस्सा ढह गया, जिसके बाद वहां काम कर रहे कई लोग बिल्डिंग से गिरे मलबे में फंस गए। यह घटना रात करीब साढ़े नौ बजे हुई। जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी गई। रात साढ़े ग्यारह बजे तक कुल 11 मजदूरों को बचाते हुए अस्पताल भेजा जा चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही राज्य के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी हादसे वाली जगह पर पहुंच गए और अधिकारियों को जरूरी निर्देश देते दिखे। इस दौरान उन्होंने फायर ट्रक पर चढ़कर माइक की मदद से आसपास मौजूद लोगों से भी काम में मदद करने की अपील की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा इलाके में 'द अर्बेनिया' के पास बन रही 'बॉसी द एम्पायर स्कीम' में हुआ। हादसे के बाद फायर ब्रिगेड अधिकारी राजेश पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और उन्होंने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। मदद के लिए NDRF की टीम को भी बुलाया गया है।
मौके पर आए विधायक अल्पेश खोदाजी ठाकोर ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा यहां पर हादसा हुआ है, लेकिन अभी हताहतों की संख्या नहीं बताई जा सकती। हमारे राज्य के उपमुख्यमंत्री बचाव कार्यों की देखरेख के लिए अभी यहां मौजूद हैं। अभी कोई स्टेटमेंड
'तलाशी अभियान आगे बढ़ने पर स्थिति स्पष्ट होगी'
फायर डिपार्टमेंट के कर्मचारी विपुल ने कहा, ‘हमने 11 लोगों को बचाया है और उन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया है। बचाव और तलाशी अभियान चल रहा है। तलाशी अभियान के आगे बढ़ने पर ही हमें ठीक-ठीक पता चलेगा कि अंदर कितने लोग फंसे हैं। अहमदाबाद से भी गाड़ियां आ गई हैं। गांधीनगर और अहमदाबाद, दोनों जगहों की टीमें पूरी कोशिश कर रही हैं।’
घायलों में 2 महिलाएं और 9 पुरुष शामिल
घायलों की जानकारी देते हुए एम्बुलेंस के एक कर्मचारी ने बताया, 'अबतक 11 लोगों को अस्पताल भेजा गया है, इनमें दो महिलाएं और बाकी नौ पुरुष हैं। घायलों में कोई बच्चा नहीं था। ये सभी लोग यहां काम करने वाले मजदूर हैं।' घायलों को इलाज के लिए गांधीनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों के पहुंचने के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया ने गांधीनगर सिविल अस्पताल में घायलों से मुलाकात की।

