रस्सी से बांधकर बरसाए डंडे; गुजरात में लिव इन पार्टनर की हत्या करने वाले फैसल को पुलिस ने दी ऐसी सजा
पुलिस ने अपनी कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि हत्या बेरहमी से की गई थी और इस घटना से उनकी छवि को नुकसान पहुंचा था, इसलिए उन्हें एक कदम आगे बढ़कर कार्रवाई करनी पड़ी।

गुजरात के भावनगर में अपनी लिवइन पार्टनर की हत्या करने वाले आरोपी की पुलिस ने जमकर पिटाई की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपी की पिटाई उस वक्त की जब वे उसे क्राइम सीन दोबारा तैयार कराने के लिए मौके पर ले गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पहले वे उसे पुलिस की गाड़ी से बांधकर डंडे मारते नजर आ रहे हैं। इसके बाद वह उसे नीचे बैठते और ताबड़तोड़ डंडे से मारते हैं।
आरोपी की पहचान 20 साल के फैसल उर्फ खटकी लखानी के तौर पर हुई। उसे 40 साल की महिला काजलबेन बारैया की मौत के मामले में गिरफ़्तार किया गया है। महिला फैसल के साथ पिछले कुछ सालों से रह रही थी।
पुलिस ने बताया क्यों की पिटाई
घटना 3 सितंबर की है जब फैसल ने एक बहस के दौरान बस स्टैंड पर काजलबेन पर हमला किया था। इसके बाद 4 सितंबर को अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने अपनी कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि हत्या बेरहमी से की गई थी और इस घटना से उनकी छवि को नुकसान पहुंचा था, इसलिए उन्हें "एक कदम आगे बढ़कर" कार्रवाई करनी पड़ी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान फैजल लखानी के तौर पर की गयी है। उन्होंने बताया कि आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापक रूप से साझा किया गया, जिसमें उसे रस्सियों से बांधकर घसीटा जा रहा था और डंडे से पीटा जा रहा था। अधिकारी ने कहा कि पुलिस को हुई बदनामी को दूर करने के लिए आरोपी की पिटाई करना जरूरी था।
भाषा से इनपुट


