जब PM मोदी का भाषण सुनने को लोगों ने खरीदे थे टिकट, पहली बार नहीं मची ऐसी मारामारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वडोदरा का दौरा करेंगे। उनके शो के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई थी जो महज एक घंटे के अंदर ही हाउसफुल हो गया। इसके अलावा 46 हजार लोग वेटिंग लिस्ट में हैं।

साल 2014 के लोकसभा चुनावों से पहले राजनीतिक पटल पर दिखी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की लहर अब एक दशक बाद भी क्या उतनी ही प्रचंड और असरदार है? इसका जवाब आपको हाल ही में हुई एक घटना से मिल जाएगा। मामला गुजरात के वडोदरा का है जहां पीएम मोदी आज दौरे पर जाने वाले हैं। यहां इनके सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए बुक माय शो पर डिजिटल रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई यानी लोग इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ऑनलाइन सीट बुक कर सकते थे वो भी बिल्कुल मुफ्त। लेकिन इसके बाद जो हुआ वो हैरान करने वाला था। घोषणा के महज एक घंटे में ही पीएम मोदी के कार्यक्रम के सभी स्लॉट बुक हो गए। इतना ही नहीं 42 हजार से ज्यादा लोग वेटिंग लिस्ट में रहे। हालांकि ये पहली बार नहीं है जब लोगों में पाीएम की लोकप्रिया और उनके लिए और उनके भाषण सुनने का क्रेज इस स्तर पर नजर आया हो। इससे पहले लोग पांच रुपए की टिकट खरीदकर पीएम मोदी का भाषण सुनने आए थे। ये पहली बार था जब किसी राजनेता का भाषण सुनने के लिए लोगों ने पैसे देकर टिकट खरीदा हो।
ये घटना साल 2013 की है। हैदराबाद में नरेंद्र मोदी की जनसभा हुई थी। इसमें शामिल होने के लिए पांच रुपए में टिकट खरीदने की व्यवस्था की गई थी और समर्थक टिकट खरीदकर पीएम मोदी का भाषण सुनने पहुंचे थे। इस दौरान 90 हजार से ज्यादा लोगों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। बाद में इस कार्यक्रम से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल उत्तारखंड में आई विनाशकारी बाढ़ के राहत कार्य में इस्तेमाल की गई। कार्यक्रम लाल बहादुर स्टेडियम में आयोजित किया गया था, जहां लोगों की सुविधा के लिए 12 एलईडी स्क्रीन लगाई गई थीं।
वडोदरा वाले ईवेंट के लिए क्या तैयारी
वडोदरा म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (VMC) कार्यक्रम के रजिस्ट्रेशन के लिए एक प्राइवेट टिकटिंग प्लेटफ़ॉर्म का इस्तेमाल कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि रजिस्ट्रेशन अब बंद हो चुका है, लेकिन 42,000 से ज्यादा लोगों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए डिजिटल एंट्री की व्यवस्था की गई है। यानी BookMyShow अकाउंट के ज़रिए एक M-टिकट मिलेगा, जिसमें एक लाइव QR कोड होगा जिसे एंट्री के समय स्कैन किया जाएगा। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक रजिस्ट्रेशन से लेकर वेरिफिकेशन तक और एंट्री से लेकर बैठने की व्यवस्था तक, सारी चीजें पूरी तरह डिजिटल हैं।
पीएम मोदी का वडोदरा दौरा क्यों है खास?
प्रधानमंत्री मोदी वडोदरा में 35 हजार करोड़ से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। उन्हें देश को समर्पित करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे। वह वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के तीन सेक्शन (न्यू साणंद (नॉर्थ)-न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-न्यू JNPT) देश को समर्पित करेंगे। ये सेक्शन 326 रूट किलोमीटर में फैले हैं जिन्हें बनाने में 20 हजार 700 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। इन्हें 20,700 करोड़ से ज़्यादा की लागत से बनाया गया है। इसके अलावा वे मुंबई में न्यू साणंद (नॉर्थ), न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और न्यू JNPT से फ्रेट ट्रेन सर्विस को भी हरी झंडी दिखाएंगे। टांडा रोड और वडोदरा के प्रताप नगर के बीच एक नई पैसेंजर ट्रेन सर्विस को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी।

